भारत ने पांचवें टी-20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराया
भारत ने 4-1 से टी-20 सीरीज पर जमाया कब्जा
अर्शदीप ने आखिरी ओवर में दिलाई जीत, मुकेश ने बरपाया कहर
चंडीगढ, 4 दिसंबर (विश्ववार्ता): बेंगलुरु में खेले गए पांचवें टी-20 में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को रोमांचक 5वें टी-20 मुकाबले में 6 रन से हरा दिया. अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए आखिरी ओवर में 10 रन बचा लिए।। अर्शदीप ने 20वें ओवर में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मैथ्यू वेड को आउट कर भारत की जीत पक्की कर दी थी। उन्होंने पहली और दूसरी गेंद पर वेड को रन नहीं बनाने दिया। तीसरी गेंद पर उन्हें आउट कर दिया। चौथी गेंद पर जेसन बेहरेनडॉर्फ एक रन ही ले सके। अब दो गेंद पर ऑस्ट्रेलिया को नौ रन बनाने थे। नाथन एलिस ने पांचवीं गेंद पर एक रन लिया। उनके बाद आखिरी गेंद पर बेहरेनडॉर्फ ने भी एक ही रन लिया। इस तरह टीम इंडिया छह रन से मैच जीत गई।
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मैथ्यू वेड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 160 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 154 रन ही बना सकी। उसके लिए बेन मैकडरमॉट ने सबसे ज्यादा 54 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। ट्रेविस हेड ने 28 और मैथ्यू वेड ने 22 रन बनाए। इन तीनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा नहीं छू सका। टिम डेविड 17 और मैथ्यू शॉर्ट 16 रन बनाकर आउट हुए। एरॉन हार्डी छह और जोश फिलिप चार रन ही बना सके। भारत के लिए मुकेश कुमार ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। अर्शदीप सिंह और रवि बिश्नोई को दो-दो सफलता मिली। अक्षर पटेल ने एक विकेट लिया।






















