
विश्वकप-2023 मे भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच फाइनल मुकाबला कल
क्या दादा का बदला लेगी रोहित की धाकड सेना
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कल होगा महामुकाबला
दोनो टीमों के बीच बन रहा है 20 साल पुराना अदभुत संयोग, भारत चौथी बार खेलेगा विश्वकप का फाइनल
चंडीगढ़, 18 नवंबर (विश्ववार्ता): विश्वकप का रोमांच अपने पूरे चरम पर है सभी टीमे को मात देकर भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें एक बार फिर से विश्व कप के फाइनल में कल आमने-सामने होगी। दोनों टीमों के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को यह मुकाबला खेला जाएगा। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 20 साल बाद विश्व कप का फाइनल होगा। पिछली बार टीम इंडिया 2003 में सौरव गांगुली की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका जोहानिसबर्ग में हार गई थी। रोहित शर्मा की धाकड सेना इस बार उस हार का बदला लेने उतरेगी।
भारत ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को 70 रन से हराया था। वह 12 साल बाद फाइनल में पहुंची है। पिछली बार 2011 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया चैंपियन बनी थी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को तीन विकेट से हरा दिया।
ऑस्ट्रेलिया की टीम 2003 विश्व कप में जब चैंपियन बनी थी तब उसने सभी 11 मैच जीते थे। कंगारू टीम ने फाइनल में भारत को हराने से पहले उसे ग्रुप राउंड में भी हराया था। तब भारतीय टीम ने कुल आठ मैच जीते थे। अब 2023 विश्व कप की बात करें तो भारतीय टीम लगातार 10 मैच जीतकर फाइनल में पहुंची है और उसकी नजर 11वीं जीत हासिल कर खिताब जीतने पर है। भारत ने ग्रुप राउंड में ऑस्ट्रेलिया को हराया था और अब फाइनल में भी उसे शिकस्त देने का अवसर है। ऑस्ट्रेलिया की टीम इस टूर्नामेंट में कुल आठ मैच जीतकर फाइनल तक पहुंची है और वह अगर अहमदाबाद में हारती है तो आठ जीत के साथ ही सफर का समापन करेगी।
भारत चौथी बार विश्व कप के फाइनल में पहुंचा है। 1983 में कपिल देव की कप्तानी में वेस्टइंडीज को हराकर पहली बार खिताब जीता था। 2003 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। तब सौरव गांगुली कप्तान थे। इसके आठ साल बाद 2011 में जब भारत फाइनल में पहुंचा तो उसने श्रीलंका को हराकर दूसरी बार खिताब जीत लिया।





















