

भारत चौथी बार विश्वकप के फाइनल में, डेथ ओवर में गेंदबाजों ने दिखाया दम
विराट कोहली ने रचा इतिहास, वनडे करियर का 50वां शतक लगाया
सचिन के कई वल्र्ड रिकार्डो को किया ध्वस्त
मोहम्मद शमी ने रचा इतिहास, वनडे में की भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी
चंडीगढ़, 16 नवंबर (विश्ववार्ता) भारत ने सेमीफाइनल के कडे मुकाबले मे न्यूजीलैंड को 70 रन से हरा दिया है। इसके साथ ही टीम इंडिया ने चौथी बार वनडे विश्व कप के फाइनल में जगह बना ली है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में चार विकेट खोकर 397 रन बनाए थे। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 48.5 ओवर में 327 पर सिमट गई और मैच 70 रन से हार गई। भारत के लिए सबसे ज्यादा 117 रन विराट कोहली ने बनाए। वहीं, श्रेयस अय्यर ने 105 रन की पारी खेली। शुभमन गिल ने नाबाद 80 रन का योगदान दिया। कप्तान रोहित ने 47 और लोकेश राहुल ने नाबाद 39 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी ने तीन और ट्रेंट बोल्ट ने एक विकेट लिया।
न्यूजीलैंड के लिए डेरिल मिचेल ने 134 रन बनाए। कप्तान केन विलियम्सन ने 69 रन की पारी खेली। ग्लेन फिलिप्स ने 41 रन का योगदान दिया। दोनों कीवी ओपनर कॉन्वे और रचिन 13 रन के स्कोर पर पवेलियन लौटे। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने सात विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला।
विश्व कप 2023 में भारत और न्यूजीलैंड के बीच सेमीफाइनल में विराट कोहली ने इतिहास रच दिया। उन्होंने वनडे करियर का 50वां शतक लगाया। अब वह वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में विराट ने महान सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया। सचिन खुद इस मैच को देखने के लिए वानखेड़े में मौजूद हैं। कोहली ने उनके सामने उनके घर में सबसे ज्यादा शतक का रिकॉर्ड अपने नाम किया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा 50+ के स्कोर के मामले में भी विराट संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। विराट ने तीनों फॉर्मेट मिलाकर 217 बार 50+ का स्कोर बनाया है। इस मामले में उन्होंने रिकी पोंटिंग की बराबरी की। वहीं, सचिन तेंदुलकर ने 264 बार ऐसा किया था।
भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने विश्व कप में एक बड़ा रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बुधवार (15 नवंबर) को न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में खतरनाक गेंदबाजी करते हुए सात विकेट लिए। शमी ने इस दौरान विश्व कप में अपने 50 विकेट भी पूरे कर लिए। वह टूर्नामेंट के इतिहास में इस आंकड़े तक पहुंचने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए। इसके अलावा शमी ने ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क, आशीष नेहरा, जहीर खान और स्टुअर्ट बिन्नी का रिकॉर्ड भी तोड़ा।





















