
cc
चंडीगढ़, 11 नवंबर (विश्ववार्ता) दक्षिण अफ्रीका ने अपने आखिरी लीग मैच में अफगानिस्तान को पांच विकेट से हरा दिया है। इस हार के साथ ही वनडे विश्व कप 2023 में अफगानिस्तान का सफर खत्म हो गया। हालांकि, अफगान टीम ने इस टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया। इस मैच में भी अफगानिस्तान की टीम लडक़र ही हारी। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगान टीम ने निर्धारित 50 ओवर में सभी विकेट खोकर 244 रन बनाए थे। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 47.3 ओवर में पांच विकेट खोकर 247 रन बना लिए और मैच अपने नाम कर लिया।
दक्षिण अफ्रीका की टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। हालांकि पिछले मुकाबले में उसे भारत के खिलाफ बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में यह टीम फिर से जीत की पटरी पर लौट चुकी है। अहम बात यह है कि अफ्रीका ने लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की है। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अफगानिस्तान को यह मैच 438 रन से जीतना था। ऐसे में यह टीम पहले ही सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो चुकी थी। अफगानिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 97 रन अजमतुल्लाह ओमरजई ने बनाए। रहमत शाह और नूर अहमद ने 26-26 रन का योगदान दिया। रहमनुल्लाह गुरबाज ने 25 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए गेराल्ड कोएत्जी ने चार विकेट लिए। लुंगी एनगिडी और केशव महाराज को दो-दो विकेट मिले।





















