
विश्व कप में भारत से मिली शर्मनाक हार के बाद इस देश के बोर्ड ने पूरे क्रिकेट बोर्ड को किया बर्खास्त
रणसिंघे ने बोर्ड को बताया देशद्रोही और भ्रष्ट
चंडीगढ़, 6 नवंबर (विश्ववार्ता) विश्व कप-2023 में भारत से मिली शर्मनाक हार के बाद श्रीलंका के खेल मंत्री रोशन रणसिंघे ने आज राष्ट्रीय क्रिकेट बोर्ड को बर्खास्त कर दिया। रणसिंघे व्यापक भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर महीनों से वित्तीय रूप से विवाद में हैं। रणसिंघे के कार्यालय ने एक बयान में कहा देश के 1996 विश्व कप विजेता कप्तान अर्जुन रणतुंगा को एक नए अंतरिम बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बयान में कहा गया- खेल मंत्री रोशन रणसिंघे ने श्रीलंका क्रिकेट के लिए एक अंतरिम समिति का गठन किया है।
नए सात सदस्यीय पैनल में एक रिटायर्ड सुप्रीम कोर्ट जज और एक पूर्व बोर्ड अध्यक्ष भी शामिल हैं। यह कदम बोर्ड के दूसरे सबसे बड़े अधिकारी, सचिव मोहन डी सिल्वा के पद छोडऩे के एक दिन बाद आया। पिछले सप्ताह मेजबान भारत के हाथों श्रीलंका की विश्व कप में 302 रन से हार के बाद रणसिंघे ने सार्वजनिक रूप से पूरे बोर्ड के इस्तीफे की मांग की थी।
रणसिंघे ने कहा कि SLC के अधिकारियों को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें स्वेच्छा से इस्तीफा दे देना चाहिए।उन्होंने बोर्ड पर देशद्रोही और भ्रष्ट होने का आरोप लगाया है। रणसिंघे ने इस पूरे मामले में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के पूर्ण सदस्यों को भी पत्र लिखा है और उन्हें समर्थन करने को कहा है।
रणसिंघे के अनुसार श्रीलंका ने 1996 के बाद से विश्व कप नहीं जीता है और इसका जिम्मेदार बोर्ड है।





















