
विश्व कप में आज भारत का सामना श्रीलंका से
भारत आज रखना चाहेगा अपना विजय अभियान जारी
चंडीगढ़, 2 नवंबर (विश्ववार्ता) भारत विश्व कप में आज अपना सातवां मैच आज खेलेगा मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में उसके सामने श्रीलंका की चुनौती होगी। विश्व कप में दोनों टीमों के बीच मुकाबलों की बात करें तो दोनों टीमों के बीच नौ मैच खेले गए हैं। दोनों का पलड़ा बराबरी पर है। भारत और श्रीलंका ने चार-चार मैच जीते हैं। एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। श्रीलंका ने 1979, 1996 (दो बार) और 2007 में जीत हासिल की है। भारत को 1999, 2003, 2011 और 2019 में जीत मिली है।
इसी स्टेडियम में 12 साल पहले 2011 में टीम इंडिया ने श्रीलंका को हराकर विश्व कप जीता था। भारतीय टीम की नजर उसके खिलाफ विश्व कप में जीत की हैट्रिक लगाने पर होगी। भारत का सफर इस विश्व कप में अब तक शानदार रहा है। उसने अपने सभी छह मैच जीते हैं और उसके खाते में 12 अंक है। टीम इंडिया जीत के इस क्रम को आगे बढ़ाने के लिए उतरेगी। उसने ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड को हराया है।
श्रीलंका की बात करें तो उसे छह मैचों में दो जीत मिली है। उसने नीदरलैंड और इंग्लैंड को हराया है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है।





















