
विश्व कप 2023 में आज पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच मुकाबला जारी
अंक तालिका में जानिये दोनों टीमों का हाल
36 ओवर के खेल के बाद जानिये बांग्लादेश का स्कोर
चंडीगढ़, 31 अक्तूबर (विश्ववार्ता) आज विश्व कप 2023 के 31वें मैच में पाकिस्तान का मुकाबला बांग्लादेश से हो रहा है। यह मैच कोलकाता के ईडन गार्डेंस स्टेडियम में खेला जा रहा है। बांग्लादेश के कप्तान शाकिब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। महमूदुल्लाह का शानदार फॉर्म जारी है। उन्होंने वनडे करियर का 28वां अर्धशतक लगाया। 36 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर 6 विकेट पर 158 रन है।
बांग्लादेश का सफर इस विश्व कप में लगभग समाप्त हो चुका है। उनके पास खोने को कुछ नहीं है। ऐसे में यह टीम बाकी टीमों का खेल बिगाडऩे की कोशिश करेगी। वहीं, पाकिस्तान के लिए अब तीनों मुकाबले करो या मरो वाले हैं। एक भी हार उनके सेमीफाइनल में पहुंचने का रास्ता बंद कर सकती है। शाकिब ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। मेहदी हसन की जगह तौहिद हृदोय को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। वहीं, पाकिस्तान ने तीन बदलाव किए हैं। इमाम उल हक, शादाब खान और मोहम्मद नवाज को प्लेइंग-11 से बाहर किया गया है। उनकी जगह फखर जमान, उसामा मीर और आगा सलमान को प्लेइंग-11 में जगह दी गई है।
बांग्लादेश की टीम ने अब तक छह मैच खेले हैं और एक जीत और पांच हार के साथ अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। उसके दो अंक हैं और नेट रन रेट -1.338 है। टीम लगभग विश्व कप से बाहर हो चुकी है। वहीं, पाकिस्तान के छह मैचों में दो जीत के साथ चार अंक हैं। उसने चार मैच गंवाए हैं और नेट रन रेट -0.387 है। पाकिस्तान को यहां से सभी मुकाबले जीतने होंगे और साथ ही दूसरी टीमों के नतीजे पर भी निर्भर रहना होगा।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं
पाकिस्तान: अब्दुल्ला शफीक, फखर जमान, बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), सऊद शकील, आगा सलमान, इफ्तिखार अहमद, उसामा मीर, शाहीन अफरीदी, मोहम्मद वसीम जूनियर, हारिस रऊफ।
बांग्लादेश: लिटन दास, तंजीद हसन, नजमुल हुसैन शान्तो, शाकिब अल हसन (कप्तान), मुश्फिकुर रहीम (विकेटकीपर), महमूदुल्लाह, तोहिद हृदोय, मेहदी हसन मिराज, तस्कीन अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, शोरिफुल इस्लाम।





















