
विश्व कप मे तीसरा बड़ा उलटफेर, अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को हराकर क्रिकेट जगत को चौंकाया
बाबर की टीम लगातार तीसरा मैच हारी
चंडीगढ़, 24 अक्तूबर (विश्ववार्ता) विश्व कप मे देर रात मुकाबले मे तीसरा बड़ा उलटफेर देखने को मिला जहां अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को हराकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। अफगानिस्तान ने वनडे वल्र्ड कप 2023 में पाकिस्तान पर 8 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की। चेन्नई के चेपॉक मैदान पर मैच देखने आए दर्शकों ने अफगानिस्तान को चीयर किया। मैच जीतने के बाद अफगानी प्लेयर्स ने अपने देश का झंडा लपेटकर पूरे ग्राउंड का चक्कर लगाया।
अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को आठ विकेट से हरा दिया है।
इस विश्व कप का यह तीसरा बड़ा उलटफेर है। इससे पहले अफगानिस्तान ने इंग्लैंड को हराया था और दक्षिण अफ्रीका को नीदरलैंड के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी। इस मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट खोकर 282 रन बनाए थे। इसके जवाब में अफगानिस्तान ने 49 ओवर में दो विकेट खोकर 286 रन बना लिए और मैच आठ विकेट से अपने नाम कर लिया। पाकिस्तान के लिए बाबर ने 74 रन बनाए और अबदुल्लाह शफीक ने 58 रन की पारी खेली। वहीं, अफगानिस्तान के लिए इब्राहिम जादरान ने 87, रहमत शाह ने नाबाद 77 और रहमनुल्लाह गुरबाज ने 65 रन बनाए। कप्तान शहीदी ने नाबाद 48 रन बनाए।





















