
वर्ल्ड कप में भारत की पाकिस्तान पर धमाकेदार जीत, रिकॉर्ड आठवीं बार जीता भारत
गेंदबाजों के धमाल के बाद आया रोहित का तूफान
चंडीगढ़, 15 अक्तूबर (विश्ववार्ता) अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह हरा दिया. वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की यह लगातार आठवीं जीत है. पाकिस्तान की टीम पहले खेलने के बाद सिर्फ 191 रनों पर ढेर हो गई थी। इसके बाद भारतीय टीम ने 30.3 ओवर में यानी 117 गेंद शेष रहते सात विकेट से आसानी से लक्ष्य का पीछा कर लिया। भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा ने सिर्फ 63 गेंदों में 86 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान हिटमैन ने 6 चौके और 6 छक्के लगाए. वहीं श्रेयस अय्यर ने भी अर्धशतक जड़ा. वह 53 रनों पर नाबाद लौटे।
इससे पहले गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, हार्दिक पांड्या और मोहम्मद सिराज ने दो-दो विकेट चटकाए। अब तब भारत उसके खिलाफ इस टूर्नामेंट में नहीं हारा है। कप्तान रोहित शर्मा ने 86 रन की शानदार पारी खेली। वहीं, जसप्रीत बुमराह ने सात ओवर में 19 रन देकर दो विकेट लिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।





















