
भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म
भारत ने पहली पारी मे विराट के शतक की मदद से बनाये 438 रन
पहली पारी मे वेस्टइंडीज की जबरदस्त शुरूआत
चंडीगढ़, 22 जुलाई (विश्ववार्ता) भारत और वेस्टइंडीज के बीच क्वींस पार्क ओवल में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन के खेल का अंत हो चुका है। भारत ने अपनी पहली पारी में 438 रन बनाए थे। जवाब में वेस्टइंडीज ने दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट पर 86 रन बना लिए हैं। कप्तान क्रेग ब्रेथवेट और किर्क मैकेंजी नाबाद हैं।
इससे पहले भारत ने चार विकेट पर 288 रन से आगे खेलना शुरू किया। विराट कोहली ने अपने 500वें अंतरराष्ट्रीय मैच में शतक लगाकर इसे खास बनाया। उनके टेस्ट करियर का यह 29वां शतक रहा। वहीं, ओवरऑल अंतरराष्ट्रीय करियर का 76वां शतक रहा । कोहली और जडेजा की बीच पांचवें विकेट के लिए 159 रन की साझेदारी हुई। ईशान किशन कुछ खास नहीं कर सके और 25 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे। जयदेव उनादकट सात रन बनाकर आउट हुए। वहीं, अश्विन ने टेस्ट करियर का 14वां अर्धशतक लगाया। मोहम्मद सिराज खाता खोले बिना आउट हुए। वहीं, आखिरी विकेट अश्विन के रूप में गिरा। वह 78 गेंदों में आठ चौके की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए।





















