
आपदा प्रबंधन में भारत एक बड़ी ताकत पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम मे कही बात
पानी के संरक्षण का दिया बडा संदेश
चंडीगढ़, 18 जून (विश्ववार्ता): मन की बात की 102वीं कड़ी में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बड़े से बड़ा लक्ष्य हो या कठिन से कठिन चुनौती, भारत के लोगों की सामूहिक शक्ति से हर चुनौती का हल निकल जाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में भारत ने आपदा प्रबंधन की जो ताकत विकसित की है, वह आज एक उदाहरण बन रही है। प्राकृतिक आपदाओं से मुकाबला करने का एक बड़ा तरीका है प्रकृति का संरक्षण। मानसून के समय में तो जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। कैच द रेन जैसे अभियानों के जरिए इस दिशा में सामूहिक प्रयास किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने लोगों से जल संरक्षण करने की भी अपील की और यूपी के बांदा जिले के तुलसीराम यादव का उदाहरण दिया। प्रधानमंत्री ने बताया कि तुलसीराम जी गांव के लोगों को साथ लेकर इलाके में 40 से ज्यादा तालाब बनवा चुके हैं। प्रधानमंत्री ने हापुड़ जिले में एक विलुप्त नदी को पुनर्जीवित करने की भी बात बताई और बताया कि काफी समय पहले नीम नाम की एक नदी हुआ करती थी, जो समय के साथ लुप्त हो गई लेकिन लोगों ने इसे फिर से जीवित करने की ठानी और सामूहिक प्रयास से नीम नदी फिर से जीवंत होने लगी है। नदी के उद्गम स्थल अमृत सरोवर को भी विकसित किया जा रहा है।























