
प्रवर्तन निदेशालय ने पंचकूला के पूर्व विशेष न्यायाधीश के भतीजे को किया गिरफ्तार
चंडीगढ़, 16 जून (विश्ववार्ता): प्रवर्तन निदेशालय ने बडी कार्रवाई करते हुए पंचकूला की विशेष अदालत के निलंबित न्यायाधीश के खिलाफ कथित रिश्वत के मामले में धन शोधन संबंधी जांच के सिलसिले में उनके भतीजे को गिरफ्तार किया है। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संघीय एजेंसी ने विशेष अदालत के पूर्व न्यायाधीश सुधीर परमार के भतीजे अजय परमार के परिसरों की तलाशी ली और इसी दौरान धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उन्हें हिरासत में लिया गया।
ईडी ने इस मामले में 14 जून को गुरुग्राम के रियल्टी समूह एम3एम के दो निदेशकों और ‘प्रबंधन से जुड़े प्रमुख व्यक्तियों’ बसंत बंसल और पंकज बंसल को गिरफ्तार किए जाने के ठीक एक दिन बाद यह गिरफ्तारी की है।





















