पंजाब के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को डिजिटाइज करने के लिए चलाया जा रहा है प्रशिक्षण पखवाड़ा अभियान – डा. बलजीत कौर
कहा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की क्षमता बढ़ाने के लिए विभाग ने पखवाड़ा प्रशिक्षण अभियान चलाया*
*प्रत्येक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को 2000 रुपये वार्षिक डाटा चार्ज दिया जाएगा*
चंडीगढ़, 9 जून : मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य में बच्चों, महिलाओं, नाबालिग लड़कियों और बुजुर्गों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डा. बलजीत कौर ने कहा कि राज्य के आंगनबाडी केन्द्रों को और प्रभावी बनाने के लिए पोषण अभियान के तहत विभाग द्वारा आंगनबाडी केन्द्रों में पोषण ट्रैकर एप्लीकेशन लागू की जा रही है, ताकि आंगनबाड़ी केन्द्रों की गतिविधियों को ब्लाक स्तर, जिला स्तर, राज्य स्तर और राष्ट्रीय स्तर पर देखा जा सके और लाभार्थियों को पारदर्शिता के साथ उपयुक्त सेवाएं प्रदान की जा सके।
इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डा. बलजीत कौर ने कहा कि पोशन ट्रैकर एक लाभार्थी-केंद्रित सेवा वितरण एप्लिकेशन है जो वास्तविक समय डेटा और विश्लेषण प्रदान करता है। विभाग ने इस एप्लीकेशन को एक जून 2023 से प्रदेश भर के 27,314 आंगनबाड़ी केंद्रों में लागू करने के निर्देश जारी किए है। इस पहल के तहत, प्रत्येक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को 2000 रुपये का वार्षिक डेटा शुल्क दिया जाएगा।
डा. बलजीत कौर ने कहा कि इस पहल के सफलतापूर्वक लागू करने और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की क्षमता बढ़ाने के लिए विभाग द्वारा 1 जून 2023 से 15 जून 2023 तक प्रशिक्षण पखवाड़ा अभियान चलाया गया है। इस अभियान के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण ट्रैकर एप्लिकेशन का उपयोग करने के तरीके के बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा। सभी जिलों में जिला कार्यक्रम अधिकारियों, बाल परियोजना अधिकारियों और पर्यवेक्षकों के समन्वय से पोषण कर्मचारियों द्वारा सर्कल और ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण सैशन आयोजित किए जाएंगे।
डा. बलजीत कौर ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद राज्य की सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पोषण ट्रैकर एप्लिकेशन का उपयोग कर सकेंगी, जिससे अतिरिक्त दस्तावेज ले जाने की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। इस एप्लिकेशन के माध्यम से, वे लाभार्थी के घर जाने, राशन वितरण करने, बच्चों का पंजीकरण करने, विकास की निगरानी करने और लाभार्थियों को प्रदान की जाने वाली सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करने सहित विभिन्न कार्यों को ऑनलाइन करने में सक्षम होंगे। इसके इलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पोषण अभियान के तहत अन्य प्रोत्साहन के लिए भी पात्र होंगे।
उन्होंने आगे कहा कि यह डिजिटलीकरण प्रक्रिया न केवल आंगनवाड़ी केंद्रों के डेटा का व्यापक डिजिटलीकरण सुनिश्चित करेगी बल्कि भविष्य में इन केंद्रों के समग्र कामकाज में भी सुधार करेगी।
मंत्री ने कहा कि विभाग समाज के कमजोर वर्गों को बढिया सेवाएं और सहायता प्रदान करने के लिए वचनबद्ध है। पोषण अभियान पहल के तहत पोषण ट्रैकर एप्लिकेशन का कार्यान्वयन इस लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।























