IPL-2023: पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को हराया
पंजाब के गेंदबाजों ने किया कमाल
चंडीगढ़, 14 मई (विश्ववार्ता)दिल्ली कैपिटल्स को पंजाब किंग्स के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा।दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान डेविड वॉर्नर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। पंजाब ने 20 ओवर में सात विकेट पर 167 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 136 रन ही बना सकी। दिल्ली के बल्लेबाजों ने इस मैच में शर्मनाक प्रदर्शन किया। खराब बल्लेबाजी के कारण ही टीम को हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली के लिए सिर्फ डेविड वॉर्नर ही टिक सके। उन्होंने 27 गेंद पर 200 की स्ट्राइक रेट से 54 रन बनाए। वॉर्नर ने 10 चौके लगाए। उनके बल्ले से एक छक्का भी निकला, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला पाए।
शुरुआती छह ओवरों में तो पंजाब के गेंदबाज नहीं चले, लेकिन एक बार जब पावरप्ले समाप्त हुआ और स्पिनर्स आए तो वह छा गए। हरप्रीत बराड़ और राहुल चाहर ने कहर बरपा दिया। हरप्रीत बराड़ ने चार और राहुल चाहर ने दो विकेट लिए। आखिरी ओवरों में तेज गेंदबाज नाथन एलिस ने दो विकेट झटके।
पंजाब ने उसे 31 रन से हराकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। पंजाब ने इस जीत के साथ ही अंक तालिका में छलांग लगाई है। उसके 12 अंक हो गए और वह छठे स्थान पर पहुंच गया है।