सजा पूरी कर चुके बंदी सिंहों को रिहा करने की संत सीचेवाल ने की मांग
सुल्तानपुर लोधी, 25 जनवरी(विश्व वार्ता) राज्यसभा सदस्य और पर्यावरणविद संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने बंदी सिंहों की रिहाई का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि जिन बंदी सिंहों की सजा पूरी हो चुकी है उन्हें तुरंत रिहा किया जाना चाहिए. गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जारी बयान में संत सीचेवाल ने कहा कि यह जहां न्याय का मामला है, वहीं मानवाधिकारों का भी गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुसार बंदी सिंहों को सजा दी गई, वही संविधान उन्हें जीने का अधिकार भी देता है। सजा पूरी करने के बाद भी उन्हें जेल में रखना गैर सवैधानिक है।
संत सीचेवाल ने केंद्र सरकार और देश के विभिन्न राज्यों की सरकारों से अपील की कि जिन बंदी सिंहों की सजा पूरी हो चुकी है, उन्हें रिहा करने की प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि बंदी सिंहों को अविलंब रिहा किया जाए। कई संगठन लंबे समय से इसकी मांग भी कर रहे हैं.























