आम आदमी पार्टी की सरकार संवैधानिक संस्थाओं को दे रही चुनौती, देश के संधीय ढांचे को खतरा: तरुण चुग
चंडीगढ़,,19अक्टूबर:भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने बयान जारी कर कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जानबूझकर राज्यपाल कार्यालय की गरिमा को ठेस पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल परोहित द्वारा पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सटी(पीएयू) के नवनियुक्त वीसी डॉ एसएस गोसल को पद से हटाने के आदेश दिए गए है।
चुग ने कहा कि एक पखवाड़े के भीतर यह दूसरी घटना है जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्यपाल को अपमानित करने के लिए संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन किया है।
चुग ने कहा कि आप सरकार जानबूझकर राज्यपाल के अधिकार को चुनौती दे रही है। इस तरह राज्य में संवैधानिक संकट का कारण बन रही है। इस तरह की घटनाएं न केवल देश के संघीय ढांचे को बदनाम कर रही हैं बल्कि यह भी प्रदर्शित कर रही हैं कि राज्य सरकार अपने दायित्वों और कर्तव्यों का निर्वहन करने में कैसे असफल हो गई है।
चुग ने आप सरकार पर जानबूझकर और सोच-समझकर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की कोशिश पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब के राज्यपाल के अधिकारों और कर्तव्यों को चुनौती दे रहे हैं जो राज्य के लिए एक गंभीर संवैधानिक संकट का संकेत है।