
एशिया कप में कल भारत Vs पाकिस्तान महामुकाबला:
करीब दस महीने बाद भारत और पाकिस्तान की होगी भिड़ंत
चंडीगढ़, 27 अगस्त (विश्ववार्ता) टी20 विश्व कप 2021 के बाद एक बार फिर टीम इंडिया और पाकिस्तान की टीम क्रिकेट के मुकाबले में टकराने जा रही हैं। करीब दस महीने बाद भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत होगी। टी20 विश्व कप 2021 में टीम इंडिया को पाकिस्तान के हाथों दस विकेट से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। विश्व कप के इतिहास में ये टीम इंडिया की पहली हार थी। लेकिन तब से लेकर अब इन दस महीनों में बहुत कुछ बदल गया है। दोनों टीमों ने आपस में तो मैच नहीं खेले हैं, लेकिन बाकी दुनियाभर की टीमों से मुकाबला किया है। अगर भारत और पाकिस्तान की तुलना करें तो तब से लेकर अब तक भारत ने पाकिस्तान के मुकाबले ज्यादा मैच खेले हैं और जीते भी हैं। भारत ने इस दौरान अपने घर पर भी सीरीज खेली और विदेशी जमीन पर जाकर भी सीरीज खेली है और जीत दर्ज की है।





















