
आप का बजट पंजाब के लोगों से धोखा: कांग्रेस
नई बोतल में पुरानी शराब
चंडीगढ़, 28 जून: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पंजाब के बजट को कंटेंट और क्वालिटी दोनों की कमी के साथ झूठों से भरा बताते हुए सिरे से खारिज किया है, जो पंजाब के लोगों से एक धोखा है।
उन्होंने कहा कि बजट मात्र एक वित्तीय जानकारी ही नहीं होता, बल्कि उसमें भविष्य की योजनाओं का जिक्र होता है और यह सरकार के लिए राज्य में बदलाव की उसकी सोच को दर्शाने का एक बेहतरीन अवसर था, जो उसमें पूरी तरह से फेल रही है।
उन्होंने कहा कि बजट में आम आदमी पार्टी द्वारा चुनावों से पहले किए गए एक भी वायदे को नहीं छुआ गया। यहां तक कि इसमें पंजाब में 18 साल से अधिक उम्र की सभी महिलाओं को 1000 में प्रतिमाह दिए जाने का भी जिक्र नहीं है, जिसके लिए आप ने चुनाव से पहले महिलाओं के हजारों फार्म भरवाए थे, जो अब खुद को ठगा महसूस कर रही हैं।
इसी तरह 300 यूनिट मुफ्त बिजली को लेकर कोई स्पष्टीकरण नहीं है। इस संबंध में मात्र ऐलान के विपरीत वित्त मंत्री ने यह नहीं बताया कि कहां से सरकार पैसे हासिल करेगी, क्योंकि स्कीम के लिए बजट में कोई फंड नहीं जारी किया गया।
उन्होंने कहा कि आमतौर पर पहला बजट अगले 5 सालों के लिए सरकार के रोडमैप को दर्शाता है लेकिन इस बजट में ऐसा कुछ नहीं है, ना ही कोई सोच, ना ही कोई रोडमैप और ना ही कोई दिशा। यह बजट इस सरकार के वैचारिक दिवालिएपन और गैर तजुर्बेकार होने को दर्शाता है।
वड़िंग ने कहा कि बजट में इस बात का कोई जिक्र नहीं है कि किस प्रकार सरकार राजस्व के बड़े अंतर को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि अब तो जरूर समझना चाहिए कि सरकार बयानबाजी से नहीं चलती। उन्होंने जिक्र किया कि किस प्रकार अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान दावा करते थे कि वे रेत के खनन से हजारों करोड़ों रूपये पैदा करके देंगे, जिनके मुताबिक यह सब भ्रष्ट लोगों की जेब में जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कई स्कीमें पुरानी है, जिनमें बस स्टैंडों का आधुनिकीकरण भी शामिल है, जिन्हें पिछली सरकार ने शुरू किया था। यह नई बोतल में पुरानी शराब की तरह है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने पहले बजट में ऐसा कुछ नहीं किया, जिससे प्रतीत हो कि यह बदलाव को लेकर इनके दावों की ओर बढ़ रहा है।





















