
संगरूर लोकसभा उपचुनाव आज
पंजाब में सत्ता में आने के बाद ‘आप’ का पहला बड़ा चुनावी मुकाबला
चंडीगढ़, 23 जून (विश्ववार्ता) पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट के लिए आज उपचुनाव होना है जिसमें सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) विधानसभा चुनाव में अपने शानदार प्रदर्शन के बाद लोकप्रियता की पहली परीक्षा का सामना कर रही है। रिटर्निंग अधिकारी कम डिप्टी कमिश्नर जतिंदर जोरवाल ने बताया कि संगरूर लोकसभा क्षेत्र में 1766 पोलिंग स्टेशनों पर 15,69,240 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनके अलावा 7540 सर्विस वोटर भी हैं।
उन्होंने बताया कि हर पोलिंग स्टेशन पर दो बैलेट यूनिट, एक काउंटिंग यूनिट और एक वीवीपैट मौजूद रहेगी। ईवीएम मशीनों को ले जाने का काम सिर्फ जीपीएस युक्त वाहनों के जरिये ही किया जाएगा। इस संबंध में सख्त दिशा निर्देश हैं। उन्होंने बताया कि पोलिंग पार्टियां रवाना हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि 296 पोलिंग स्टेशनों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जहां फ्लैग मार्च और पुलिस पेट्रोलिंग लगातार की जा रही है।























