
हरियाणा की 18 नगर परिषद व 28 नगर पालिकाओं के चुनाव नतीजे आज
मतगणना शुरू
चंडीगढ़, 22 जून (विश्ववार्ता) हरियाणा की 18 नगर परिषद व 28 नगर पालिकाओं के चुनाव नतीजे आज आएंगे। मतगणना शुरू हो चुकी है। नगर परिषद और नगरपालिकाओं के अध्यक्ष, वार्ड सदस्य के लिए चुनाव मैदान में उतरे 3504 उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में बंद है।
मतगणना के कारण बुधवार को ड्राई डे रहेगा। राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने कहा कि मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा चाक-चौबंद है। 12 हजार से अधिक पुलिस कर्मचारी मतगणना केंद्रों पर तैनात रहेंगे। 18 नगर परिषदों के कुल 456 वार्ड में अध्यक्ष पद के लिए 185 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें से 100 पुरुष और 85 महिलाएं हैं। 456 वार्डों में से 15 पार्षदों को सर्वसम्मति से चुना जा चुका है। 441 वार्डों में 1797 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें से 1076 पुरुष और 721 महिलाएं हैं।






















