संगरुर के गांवों को इतना सुंदर बनाएंगे कि देशभर से लोग यहां फोटो खिंचवाने आया करेंगे – सीएम भगवंत मान
…लोकसभा में संगरुर की आवाज बनेंगे गुरमेल सिंह – भगवंत मान
मुख्यमंत्री ने आप उम्मीदवार गुरमेल सिंह के पक्ष में भवानीगढ़ से धुरी तक निकाला लम्बा रोड शो, लोगों ने जगह- जगह किया स्वागत
संगरुर, 21 जून : संगरुर उपचुनाव प्रचार के आखिरी दिन मंगलवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आप उम्मीदवार गुरमेल सिंह के साथ भवानीगढ़ से लेकर दर्जनों गांवों होते हुए धुरी शहर तक लम्बा रोड शो निकाला। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से आप उम्मीदवार को भारी बहुमत से जिताकर संसद पहुंचाने की अपील की। रोड शो के दौरान लोगों में काफी उत्साह देखने के मिला। लोग अपने घरों से मुख्यमंत्री मान को देखने के लिए निकल रहे थे और फूल बरसाकर एवं सिरोपा भेंटकर उनका स्वागत कर रहे थे।
रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने कई जगह लोगों को संबोधित भी किया। लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आम आदमी पार्टी’ पंजाब और पंजाबियत को समर्पित पार्टी है। आपने जिस कुर्सी पर मुझे बैठाया है, वो कुर्सी आपकी है। जिस कलम से मैं सरकारी फाइलों पर हस्ताक्षर करता हूँ, वह हस्ताक्षर मेरे हैं लेकिन कलम आपकी है। मैं भगवान से हर रोज प्रार्थना करता हूँ कि हमारा हर फैसला लोगों के हक में ही हो।
मान ने कहा कि हम संगरुर के हर गांव को इतना सुंदर बनाएंगे कि देश भर लोग यहां फोटो खिंचवाने आया करेंगे। पंजाब के स्कूल और अस्पताल को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाएंगे। संगरुर में भारत का सबसे अच्छा मेडिकल कॉलेज खोलेंगे।
मान ने रिवाईती पार्टियों पर हमला बोलते हुए कहा कि हमारे वादे पिछली सरकारों की तरह जुमले साबित नहीं होंगे। हम अपना हर एक वादा पूरा करेंगे। हमने अपने सबसे महत्वपूर्ण वादों में से एक बिजली के वादे को पूरा करने की सारी तैयारियां पूरी कर ली है। एक जुलाई पूरे पंजाब में बिजली फ्री होगी। मुख्यमंत्री ने खेती को सुधारने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसानों को कर्ज से निकालेंगे और खेती को मुनाफे का सौदा बनाएंगे। फसलों का भुगतान हम एमएसपी के अनुसार समय पर कर रहे हैं जिससे किसानों को काफी फायदा पहुंच रहा है।























