

सेना में भर्ती वाली अग्निपथ योजना के विरोध में देश के कई हिस्सों में आगजनी और तोडफ़ोड
अग्निपथ योजना के विरोध की आग 13 राज्योंं मे पहुंची
रक्षामंत्री आज करेंगे समीक्षा बैठक
चंडीगढ़, 18 जून (विश्ववार्ता) अग्निपथ योजना को लेकर हरियाणा मे मचे बवाल को लेकर आज रक्षामंत्री राजनाथ सिंह स्कीम को लेकर एक समीक्षा बैठक करने वाले हैं। रक्षामंत्री की इस समीक्षा बैठक में वायुसेना प्रमुख, नौसेना प्रमुख और डीएमए के अधिकारी मौजूद रहेंगे। जानकारी के मुताबिक इस समीक्षा बैठक में थलसेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे शामिल नहीं होंगे, क्योंकि वो शनिवार को वायुसेना की पासिंग आउट परेड में हिस्सा लेने के लिए हैदराबाद के डूंडीगल जा रहे हैं। ये मीटिंग अग्निपथ स्कीम को लेकर देश में हो रहे बवाल को लेकर बुलाई गई है। सेना भर्ती की नई योजना अग्निपथ का विरोध 13 राज्यों तक पहुंच गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने यूपी, तेलंगाना और बिहार में 12 ट्रेनों में आग लगा दी। रेलवे स्टेशनों और बसों में तोडफ़ोड़ की गई। रेल नेटवर्क को निशाना बनाए जाने पर रेलवे ने 200 ट्रेनें कैंसल कर दीं। प्रदर्शन का सबसे ज्यादा असर बिहार और यूपी में है। बिहार के अलावा हरियाणा में इंटरनेट बंद किया गया है।























