
हरियाणा के पलवल और बल्लभगढ़ में अगले 24 घंटों के लिए फिर बंद रहेंगी इंटरनेट सेवाएं
तोडफ़ोड़ व आगजनी करने वाले लोग सेना में जाने वाले नहीं हो सकते- गृह मंत्री
चंडीगढ़, 18 जून (विश्ववार्ता) अग्निपथ योजना को लेकर हरियाणा मे मचे बवाल को लेकर सरकार ने तुरंत प्रभाव से जिला पलवल और फरीदाबाद के उप मण्डल बल्लभगढ़ में इंटरनेट सेवाओं को अस्थाई रूप से बंद करने के आदेश की अवधि अगले 24 घंटों के लिए बढ़ा दी है। हालांकि वॉयस कॉल जारी रहेंगी। इंटरनेट सेवाओं 2जी/3जी/4जी/सीडीएमए/जीपीआरएस और सभी एसएमएस सेवाओं (बल्क एसएसएम सहित, बैंकिंग व मोबाइल रिचार्ज को छोड़कर) तथा मोबाइल नेटवर्क पर दी जाने वाली सभी डोंगल सेवाओं आदि को जिला पलवल में 17 जून, 2022 रात 8 बजे से तथा फरीदाबाद के उप मण्डल बल्लभगढ़ में रात 10 बजे से अगले 24 घंटों के लिए अस्थाई रूप से बंद करने के आदेश जारी किये गए हैं।
हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि विरोध-प्रदर्शन करना हर आदमी का अधिकार है, मगर इसकी आड़ में तोडफ़ोड़ और आगजनी करने वाले लोगों को किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा।
श्री विज केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर पत्रकारों द्वारा पूछे सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि तोडफ़ोड़, आगजनी करने वाले लोग सेना में जाने वाले नहीं हो सकते, सेना में तो अनुशासित लोग ही जाते हैं। गृह मंत्री विज ने कहा कि हमारे देश में कुछ शरारती तत्व है जो हर समय मौके की तलाश में रहते हैं कि देश की शांति को किस तरह भंग किया जाए और इसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





















