
आप ने ‘अग्निपथ’ योजना के लिए केंद्र सरकार की निंदा की
-मोदी सरकार अपना फैसला तुरंत वापस ले:मलविंदर सिंह कंग*
-‘ युवाओं के साथ छलावा है भाजपा सरकार की ‘अग्निपथ’ योजना: मलविंदर सिंह कंग
चंडीगढ़, 17 जून आम आदमी पार्टी (आप) ने केंद्र में मोदी सरकार की ‘अग्निपथ’ योजना को देश के युवाओं के साथ विश्वासघात करार दिया और सरकार के फैसले की कड़ी निंदा की।
शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया को संबोधित करते आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि ‘अग्निपथ’ योजना पूरी तरह राष्ट्रहित के खिलाफ है और इसके कारण पूरे देश में हिंसक आंदोलन हो रहे हैं।
कंग ने भाजपा सरकार के हालिया फैसले की निंदा करते हुए कहा कि सरकार को सेना के जवानों और देशवासियों की देशभक्ति की भावना को अपने निजि स्वार्थ के लिए आहत नहीं करना चाहिए। उन्होंने मोदी सरकार से अपने फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की।
कंग ने कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले से देश के युवाओं में भारी रोष है और वे सड़कों पर उतर गए हैं। उन्होंने कहा कि सेना में दो लाख से अधिक पद खाली पड़े हैं। इन सभी पदों को भरने के लिए सरकार को तुरंत भर्ती प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए।
कंग ने कहा कि सरकार को भविष्य में ऐसी किसी भी योजना को लागू करने से पहले संसद का विशेष सत्र या सर्वदलीय बैठक बुलाकर उस पर चर्चा करनी चाहिए।





















