
पंजाब के राज्यपाल द्वारा लोगों को कबीर जयंती की बधाई
चंडीगढ़, 13 जूनः पंजाब के राज्यपाल और प्रशासक, यू.टी., चंडीगढ़, श्री बनवारीलाल पुरोहित ने कबीर जयंती के अवसर पर बधाई देते हुए लोगों से एक साथ मिलकर काम करने तथा सामाजिक सद्भाव, समानता और भाईचारे के ताने-बाने को मजबूत करने में योगदान देने का आह्वान किया, जिसकी महान संत कबीर जी ने हमेशा वकालत की।
राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि संत कबीर का दर्शन सत्य जीवन, मानवतावाद, मानव एकता और ईश्वर के प्रति निस्वार्थ भक्ति का आह्वान करता है। श्री गुरु ग्रंथ साहिब में उनकी वाणी मन की शुद्धता पर विशेष जोर देने के साथ-साथ मनुष्य की चेतना को जागृत करती है तथा लोगों को शांतिपूर्ण और उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने समाज के उत्पीड़ित व शोषित वर्गों के कल्याण की हमेशा वकालत की और जातिविहीन व वर्गहीन समाज के निर्माण के संदेश का प्रचार किया।
श्री पुरोहित ने लोगों से अपील की कि वे महान आध्यात्मिक संत की शिक्षाओं का अनुसरण करें और समाज की, खासकर गरीब और वंचित वर्गों की बेहतरी, प्रगति और समृद्धि के लिए उनके उपदेशों व सिद्धांतों का प्रचार करें।





















