
पंजाब पुलिस ने दुबई से लौटे युवक की हत्या का 12 घंटे मे ही किया पर्दाफाश
पत्नी और उसका प्रेमी ही निकला कातिल
पढिये पूरी खबर
चंडीगढ़, 13 जून (विश्ववार्ता): अपने ही दुश्मन बन गये जिनके लिए घर छोड विदेशो मे पैसा कमाने के लिए गया उन्होने ही उसकी हत्या की साजिश रच दी। अमृतसर के छेहरटा के काले रोड पर दुबई से लौटे पति की पत्नी ने ही अपने प्रेमी से सुपारी देकर हत्या करा दी। बचने के लिए उसने झूठी कहानी गढ़ी, जिसका पर्दाफाश पुलिस ने 12 घंटे में ही कर दिया। छेहरटा पुलिस ने आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी और सुपारी किलर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस कमिश्नर अरुणपाल सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गांव काले निवासी हरिंदर सिंह 10-12 साल बाद कुछ दिन पहले ही दुबई से लौटा था। यहां उन्हें पता चला कि पत्नी सतनाम कौर के संबंध गांव के ही अर्शदीप सिंह से हैं। इसके चलते वह उस पर नजर रखने लगे। उधर, सतनाम कौर ने अर्शदीप सिंह के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। इसके लिए गांव के ही वरिंदर सिंह को दो लाख 70 हजार रुपये की सुपारी दी। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि रविवार सुबह करीब 3.30 बजे हरिंदर अपनी पत्नी सतनाम कौर और दो बच्चों के साथ मोटरसाइकिल पर श्री दरबार साहिब माथा टेकने जा रहे थे। हरकृष्ण नगर के निकट दशमेश गन हाउस के पास मोटरसाइकिल पर सवार अर्शदीप और वरिंदर सिंह ने गोलियां मारकर हरिंदर की हत्या कर दी।























