
खेलो इंडिया यूथ गेम 2021 के दौरान पंचकूला नजर आएगा मिनी इंडिया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पंचकूला से करेंगे खेलों का आगाज
पंचकूला का ताऊ देवीलाल स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स रंग-बिरंगी रोशनी से होगा सराबोर
चंडीगढ़, 4 जून (विश्ववार्ता) हरियाणा व अन्य प्रांतों के लोगों के दिलों की धडक़न बन चुके खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के उद्घाटन अवसर पर पंचकूला का ताऊ देवीलाल स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स खूबसूरत रंग-बिरंगी रोशनी से सराबोर नजर आएगा। इन खेलों के दौरान खिलाडिय़ों व दर्शकों को हरियाणा की मेजबानी का सुखद अनुभव होगा।पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स में उद्घाटन समारोह से पूर्व संध्या पर खेलों का अभूतपूर्व अनुभव लेने के लिए मीडियाकर्मियों का विशेष दौरा करवाया गया।
केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह आज पंचकूला से इन खेलों का विधिवत रूप से आगाज करेंगे। इस उद्घाटन समारोह के लिए विशेष रूप से तैयारियां की गई हैं। मुख्य मंच को बहुत ही खूबसूरत ढंग से सजाया गया है। साथ ही खिलाडिय़ों व दर्शकों के लिए बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है। इतना ही नहीं, मैदान में बड़ी बड़ी स्क्रीन भी लगाई गई हैं ताकि दर्शकों को अविस्मरणीय क्षणों का अनुभव हो।
हरियाणा की मेजबानी में ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021’ का आयोजन 4 जून से 13 जून, 2022 तक राज्य सरकार और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हरियाणा का मस्कट ‘धाकड़’ बनेगा राज्य की खेल संस्कृति का परिचायक
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के मस्कट जया और विजय का नाम सुनते ही उनकी मनमोहक छवि मन में ताजा हो जाती है और खेल प्रेमियों को और भी अधिक उत्साह से भर देती है। लेकिन हरियाणा में होने जा रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स – 2021 के चौथे संस्करण में जया और विजय के साथ इस बार दर्शकों को हरियाणा का अपना मस्कट धाकड़ भी देखने को मिलेगा, जो हरियाणा के दूध-दही का खाना और यहां के खेल संस्कृति का परिचायक बनेगा।
ताऊ देवीलाल खेल परिसर, पंचकूला इन खेल प्रतियोगिताओं का मुख्य आयोजन स्थल होगा। आयोजन स्थल में लगभग 7,000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है। तीरंदाजी और फुटबॉल प्रतियोगिताएं पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में आयोजित की जाएंगी, जबकि तैराकी और जिम्नास्टिक खेल अंबाला में आयोजित किए जाएंगे। हॉकी शाहाबाद में और साइकिलिंग व निशानेबाजी प्रतियोगिताएं दिल्ली में होंगी। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पहली बार पांच पारंपरिक खेलों जैसे गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता, मलखंब और योगासन को भी शामिल किया गया है।
खिलाडिय़ों के साथ- साथ दर्शकों के लिए भी खेलो इंडिया होंगे खास
खेलों के क्षेत्र में हरियाणा ने जो मुकाम हासिल किया है वह यहां के खिलाडिय़ों की मेहनत और राज्य सरकार की खेल नीति के ही सार्थक परिणाम है और आज हरियाणा की इसी पहचान के दम पर हरियाणा को खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के चौथे संस्करण की मेजबानी का अवसर मिला है, जो हर हरियाणवी के लिए गर्व की बात है।





















