
बनवारीलाल पुरोहित द्वारा लोगों से श्री गुरु अर्जुन देव जी की शिक्षाओं का अनुसरण करने का आह्वान
चंडीगढ़, 2 जूनः पंजाब के राज्यपाल और प्रशासक, यू.टी., चंडीगढ़, श्री बनवारीलाल पुरोहित ने पांचवें सिख गुरु श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस की पूर्व संध्या पर लोगों से महान गुरू की शिक्षाओं का अनुसरण करने और उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने का आह्वान किया जिन्होंने मानवतावाद, धर्मनिरपेक्षता और मानव जाति की एकता के समृद्ध मूल्यों की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।
अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि गुरु जी का अतुलनीय बलिदान हम सभी और भावी पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
राज्यपाल ने कहा कि श्री गुरु अर्जुन देव जी द्वारा किया आदि ग्रंथ श्री गुरु ग्रंथ साहिब का महत्वपूर्ण संकलन, नैतिकता और ज्ञान का एक सार्वकालिक स्रोत है, जो शांति और समृद्धि के सिद्धांतों पर आधारित समाज का निर्माण करने हेतु मानवता का मार्गदर्शन करता है।
राज्यपाल ने गुरु अर्जुन देव जी द्वारा दी गई शिक्षाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनकी शहादत सच्चाई और धर्म की रक्षा के लिए थी। उन्होंने लोगों से श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस के अवसर पर पारंपरिक सौहार्द और मानवीय भाईचारे की भावना बनाए रखते हुए समाज सेवा के प्रति स्वयं को समर्पित करने की अपील की।





















