
रणदीप सुरजेवाला की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
रणदीप सुरजेवाला के खिलाफ 16 साल पुराने मामले में विजिलेंस जांच शुरू
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणदीप सुरजेवाला की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। हरियाणा विजिलेंस ब्यूरो ने करीब 16 साल पुराने एक मामले में जांच शुरू कर दी है। उस वक्त सुरजेवाला हरियाणा की हुड्डा सरकार में बिजली मंत्री थे। उनका केस से सीधा संबंध नहीं है, लेकिन मामले के वक्त वह मंत्री थे। यह मामला गृह मंत्री अनिल विज के दरबार में भी पहुंचा था। आरोप है कि रणदीप सुरजेवाला के कार्यकाल में संधू मैनपावर सप्लाई एजेंसी ने भिवानी जिले में कर्मचारियों के ईपीएफ को लेकर घालमेल करने का काम किया। इस मामले में दिलचस्प बात यह है कि हाईकोर्ट में खुद शिकायतकर्ता ही अपनी अपील वापस ले चुका है। मौजूदा सरकार भी हाईकोर्ट में यह कह चुकी है कि इस मामले में रणदीप सुरजेवाला की कोई भूमिका नहीं है। 17 मई को दोबारा यह जांच शुरू हो गई है। जिसे दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की विजिलेंस विंग को सौंपा गया है।





















