
नगर निगम चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने कसी कमर
-पंजाब के प्रभारी जरनैल सिंह ने पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की
चंडीगढ़,5 मई पंजाब में होने वाले आगामी नगर निगमों के चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी(आप) ने कमर कस ली है । गुरुवार को आप पंजाब के प्रभारी जरनैल सिंह ने पार्टी के राज्य महासचिव हरचंद सिंह बरसट और पार्टी के पदाधिकारियों के साथ मीटिंग कर आगामी नगर निगम चुनावों की रणनीतियों पर चर्चा की।
आम आदमी पार्टी के लिए इस चुनाव में और भी बेहतर मौका है। जरनैल सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी निगम की सभी सीटों पर ईमानदार उम्मीदवार उतारेगी। आम जन की समस्याओं को लेकर सरकार गंभीर है और उनके स्थाई समाधान के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
आप प्रभारी ने आगे कहा कि पंजाब में सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान लगातार पंजाब के लोगों के हित में बड़े फैसले ले रहे हैं। मान सरकार के फैसले और कार्यों का असर नगर निगम चुनावों पर पड़ेगा और पार्टी को इसका फायदा मिलेगा। जरनैल सिंह ने कहा कि हम जीत के लिए आश्वस्त हैं। आम आदमी पार्टी विधानसभा चुनाव की तरह नगर निगम चुनाव में भी शानदार जीत दर्ज करेगी और चारों नगर निगमों में अपना मेयर बनाएगी।





















