
पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान सुनील जाखड़ कांग्रेस पर अटैक की तैयारी मे
चंडीगढ़, 3 मई (विश्व वार्ता) पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान सुनील जाखड़ कांग्रेस पर अटैक की तैयारी में हैं। उनके जुबानी हमले उस वक्त होंगे, जब कांग्रेस उदयपुर में चिंतन शिविर कर रही होगी। जाखड़ के करीबियों के मुताबिक वह 13 से 15 के बीच प्रेस कान्फ्रेंस कर हाईकमान की पोल खोलेंगे। पहली कान्फ्रेंस उदयपुर, दूसरी दिल्ली और तीसरी चंडीगढ़ में होगी। इन्हीं 3 दिनों में कांग्रेस का भी चिंतन शिविर चलेगा।सुनील जाखड़ को हाल ही में कांग्रेस ने अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस भेजा था। जिसका जाखड़ ने जवाब नहीं दिया। जाखड़ को इस बात का एतराज था कि कांग्रेस हाईकमान को उनसे बात करनी चाहिए थी। इसकी जगह सीधे नोटिस भेजकर उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाई गई है। जाखड़ ने स्पष्ट कर दिया कि इसके खिलाफ वह सोनिया या राहुल गांधी से नहीं मिलेंगे। अब वह खुलकर अपनी बात रखेंगे।





















