मुख्यमंत्री द्वारा सीधी बिजाई की तकनीक से धान की फ़सल लगाने वाले किसानों को 1500 रुपए प्रति एकड़ वित्तीय सहायता देने का ऐलान
सिधी बिजाई के द्वारा 20 मई से धान की बुवाई शुरू कर सकेंगे किसान
किसानों को पारंपरिक ढंग की बजाय सीधी बिजाई की तकनीक से धान की फ़सल लगाने की अपील
चंडीगढ़, 30 अप्रैल:पंजाब में भूजल के तेज़ी से गिर रहे स्तर को रोकने के लिए अहम फ़ैसला लेते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज मौजूदा खरीफ की फ़सल के सीजन के दौरान धान की सीधी बिजाई करने वाले किसानों को प्रति एकड़ 1500 रुपए की वित्तीय सहायता देने का ऐलान किया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने यह भी ऐलान किया कि किसान सीधी बिजाई की तकनीक से धान की बुवाई की शुरुआत 20 मई से कर सकते हैं।
एक वीडियो संदेश के द्वारा किसानों को इस सीजन के दौरान धान की फ़सल की पारंपरिक ढंग से बिजाई की बजाय अधिक से अधिक क्षेत्रफल सीधी बिजाई के अधीन लाने का आह्वान करते हुए भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार इस तकनीक को अपनाने वाले किसानों को ना केवल 1500 रुपए प्रति एकड़ की वित्तीय सहायता मुहैया करवाएगी, बल्कि कृषि विभाग इस तकनीक को अपनाने में किसानों को अपेक्षित सहयोग भी देगा।
मौजूदा समय में भूजल की चिंताजनक स्थिति का जि़क्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पारंपरिक ढंग से धान की बुवाई के कारण पानी का अधिक उपभोग होता है, जिस कारण भूजल का स्तर बहुत नीचे जा चुका है और स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि कई जि़ले तो रैड ज़ोन में आ चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील करते हुए कहा, ‘‘इस बार ना केवल आप धान की सीधी बिजाई की तकनीक अपनाएं बल्कि अपने रिश्तेदारों और कृषि से जुड़े दोस्तों एवं मित्रों को भी यह तकनीक अपनाने के लिए अधिक से अधिक प्रेरित करो, जिससे हम सभी एकजुट होकर पानी के स्तर को और नीचे जाने से रोकने के लिए मिलकर प्रयास कर सकें।’’
कृषि वैज्ञानिकों द्वारा ईजाद की गईं नई खोजों का हवाला देते हुए भगवंत मान ने कहा कि धान की सीधी बिजाई जहाँ पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव डालती है, वहीं किसानों के लिए आर्थिक तौर पर भी लाभदायक है, क्योंकि इस बिजाई से धान के पैदावार पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि उसके बाद उसी खेत में बीजी जाने वाली गेहूँ या अन्य फ़सल की पैदावार भी अधिक निकलती है।
बताने योग्य है कि मुख्यमंत्री ने बीती 17 अप्रैल को 24 किसान संगठनों से बैठक करके खरीफ की फ़सल के सीजन के दौरान धान की सीधी बिजाई की तकनीक को बड़े स्तर पर अपनाने के लिए किसानों को अधिक से अधिक जागरूक करने की अपील भी की थी, जिससे राज्य के बहुमूल्य संसाधन पानी के गिर रहे स्तर को रोका जा सके। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी हिदायत की थी कि पानी और बिजली की बचत करने के मद्देनजऱ किसानों को धान के सीजन के दौरान डी.एस.आर. तकनीक अपनाने के लिए गाँव-गाँव जाकर प्रेरित किया जाए।
—————























