
हरियाणा सरकार मनायेगी 1 मई से एनीमिया उन्मूलन सप्ताह
चंडीगढ़, 29 अप्रैल- हरियाणा सरकार द्वारा आगामी 1 मई से 7 मई 2022 तक एनीमिया उन्मूलन सप्ताह मनाया जाएगा जिसमें इलाज के लिए अस्पतालों में आने वाले सभी मरीजों का हीमोग्लोबिन (एचबी) का परीक्षण किया जाएगा।
इस संबंध में आज राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) हरियाणा के मिशन निदेशक श्री प्रभजोत सिंह ने जिला अधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रैंसिंग के माध्यम से बैठक कर समीक्षा की। इस अवसर पर महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं-एमसीएच, उप निदेशक, सिविल सर्जन, उपसिविल सर्जन, एनएचएम, जिला स्कूल स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी, पीओ-आईसीडीएस, जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
श्री प्रभजोत सिंह ने इस अवसर पर कहा कि उन सभी रोगियों के एचबी का परीक्षण किया जाना है जो किसी भी तरह के इलाज के लिए अस्पताल में आते हैं। ऐसे सभी रोगियों विशेष रूप से महिलाओं के एचबी की जांच शत-प्रतिशत की जाए। रोगी को उनके एचबी स्तर के अनुसार रोगनिरोधी और चिकित्सीय उपचार दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी ओपीडी मामलों के लिए अनिवार्य एचबी परीक्षण और एनीमिया के उपचार के लिए जिलों को लिखित में निर्देश भी भेजा गया है। ऐसे में अधिकारी सभी जिलों में सभी स्वास्थ्य सुविधाओं पर एचबी परीक्षण सामान, उपभोग्य सामग्रियों, आईएफए (आयरन फोलिक एसिड) टैबलेट स्टॉक की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि एनीमिया-ट्रैकिंग ऐप विकसित किया गया है जिसमें एचबी परीक्षण की जानकारी वास्तविक समय के आधार पर अपलोड की जानी है और इसमें रोगी की जानकारी एकत्रित की जाएगी। इस ऐप से जिलों में हो रहे कार्य की मुख्यालय में निगरानी की जा सकती है।
श्री प्रभजोत सिंह ने आगे कहा कि एनीमिया उन्मूलन सप्ताह के दौरान व्यापक सेवा वितरण पैकेज सुनिश्चित किया जाएगा जिसमें एचबी परीक्षण और उपचार, रोगनिरोधी आईएफए पूरकता और आहार विविधीकरण और आयरन वाले भोजन को बढ़ावा देना शामिल है। इस अभियान मोड में समन्वित एनीमिया कम करने के प्रयासों में तेजी लाने के लिए टी-3 रणनीति अपनाई जानी है यानी टेस्ट, ट्रीट और टॉक। उन्होंने यह भी बताया कि इसके बाद एनीमिया उन्मूलन सप्ताह अगस्त, नवंबर और फरवरी 2023 के महीने की 1 से 7 तारीख तक त्रैमासिक रूप से मनाया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि लक्षित लाभार्थी 6 से 59 महीने के बच्चे, 5 से 9 साल के बच्चे, 10 से 19 साल के किशोर, प्रजनन आयु वर्ग की महिलाएं, गर्भवती महिलाएं और स्तनपान कराने वाली महिलाएं हैं। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि इन अभियानों में मलेरिया, हीमोग्लोबिनोपैथी और फ्लोरोसिस पर विशेष ध्यान देने के साथ स्थानिक क्षेत्रों में एनीमिया के गैर-पोषक कारणों के बारे में जागरूकता, जांच और उपचार को तेज करना है।























