
प्रदेश में भ्रष्टाचार कोने-कोने में फैला हुआ है-डा सुशील गुप्ता
चंडीगढ़, 20 अप्रैल (विश्ववार्ता). आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद डा सुशील गुप्ता ने हरियाणा सरकार पर आरोप लगाया है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार कोने-कोने में फैला हुआ है, मंत्री से लेकर अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त है। प्रदेश की सरकार कैग, पब्लिक अकाउंट कमेटी की सिफारिशों को दरकिनार करके मंत्रियों और अधिकारियों को बचाने का काम कर रही है।
कुरुक्षेत्र में पत्रकारों से बातचीत के दौरान हरियाणा प्रभारी डा सुशील गुप्ता कहा प्रदेश के हर विभाग में जड़ तक भ्रष्टाचार फैला हुआ है। कैग रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2020-21 में ही 1873 मामले भ्रष्टाचार के सामने आए, वहीं पब्लिक अकाउंट कमेटी की और से 1280 मामलों पर कार्रवाई की सिफारिश की। प्रदेश के मंत्री कार्रवाई की सिफारिश के बाद भी अधिकारियों को बचाने का काम कर रहे हैं। प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल के सदस्य ही कैग और पब्लिक अकाउंट कमेटी की सिफारिशों पर कार्रवाई नहीं कर रहे। मंत्री, अधिकारियों के साथ मिलकर भ्रष्टाचार का खेल चला रहे हैं।





















