
मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी बोले – बीते सप्ताह हमने 30 लाख करोड़ निर्यात का ऐतिहासिक लक्ष्य हासिल किया
चंडीगढ़, 27 मार्च (विश्ववार्ता)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने ‘मन की बात’कार्यक्रम को संबोधित किया. पीएम मोदी के इस मासिक रेडियो कार्यक्रम का यह 87वां एपिसोड था. उन्होंने बताया कि भारत ने पिछले हफ्ते 400 बिलियन डॉलर यानी 30 लाख करोड़ रुपये की एक्सपोर्ट का टारर्गेट हासिल किया है. पीएम ने कहा कि भारत आर्थिक प्रगति की दिशा में बड़े कदम उठा रहा है. उन्होंने कहा कि देश विराट कदम तब उठाता है जब सपनों से बड़े संकल्प होते हैं. जब संकल्पों के लिए दिन-रात ईमानदारी से प्रयास होता है, तो वो संकल्प सिद्ध भी होते हैं. पीएम मोदी ने कहा कि देश के कोने-कोने से नए-नए प्रोडक्ट अब विदेश जा रहे हैं। असम के हैलाकांडी के लेदर प्रोडक्ट हों या उस्मानाबाद के हैंडलूम उत्पाद, बीजापुर की फल-सब्जियां हों या चंदौली का काला चावल, सबका निर्यात बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि हिमाचल, उत्तराखंड में पैदा हुए मिलेट्स मोटे अनाज की पहली खेप डेनमार्क को निर्यात की गयी। आंध्र प्रदेश के कृष्णा और चित्तूर जिले के बंगनपल्ली और सुवर्णरेखा आम, दक्षिण कोरिया को निर्यात किये गए।





















