5 सालों में अगर कांग्रेस सरकार ने काम किया होता तो लोग नर्क भोगने के लिए मजबूर ना होते : वशिष्ठ
पिछले 5 सालों में अगर कांग्रेस सरकार ने काम किया होता तो लोगों को नर्क भरा जीवन भोगने की जरूरत नहीं पड़ती। बढ़ माजरा तथा आसपास के एरिया में इस समय जो हालात बने हुए हैं और गंदगी के ढेर लगे हुए हैं उससे लोगों को सिर्फ बीमारियां ही मिल रही हैं। यह बात मोहाली से भाजपा उम्मीदवार संजीव वशिष्ट ने शनिवार को अपने चुनाव प्रचार के दौरान बड़ माजर में कहीं। शनिवार को वशिष्ठ यहां पर चुनाव प्रचार के लिए आए हुए थे। इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ भाजपा नेता सुखविंदर सिंह गोल्डी , पूर्व भाजपा पार्षद अशोक झा भी मौजूद थे। जब वह लोगों के बीच पहुंचे तो लोगों ने उनका दिल खोलकर स्वागत किया। इस दौरान वशिष्ठ ने लोगों से कहा कि जब वह गांव में आ रहे थे तो उन्होंने रास्ते में देखा कि किस प्रकार से गंदे पानी का तालाब बना हुआ है और जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 5 सालों में कांग्रेस के सरकार द्वारा लोगों को इस गंदगी से भी छुटकारा नहीं दिलवाया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्दू द्वारा दावा किया जाता रहा है कि उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री रहते हुए लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए हर प्रकार के अच्छे कार्य किए हैं। लेकिन आज भी जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर तथा गंदे पानी के तालाब को देखकर उनके द्वारा किए काम खुद अपनी जुबान बोल रहे हैं। लोग आज के समय में इस बात को मानने के लिए मजबूर हैं कि पिछले 5 सालों में केवल उन्हें गुमराह ही किया गया है। उन्होंने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि इस बार भाजपा की सरकार बनने पर सबसे पहले लोगों को इस गंदगी से निजात दिलाई जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता मिशन के तहत यहां पर साफ सफाई के पुख्ता इंतजाम करवाए जाएंगे ताकि लोगों को इस गंदगी से फैलने वाली भयंकर बीमारियों से बचाया जा सके। चुनाव प्रचार के दौरान सीता राम पंच, लाल मोहन शर्मा, रमाकांत शर्मा, फूलो देवी, अनिल कुमार गुड्डू, रोहित, अंगद शाह, सुनील कुमार आदि लोग मौजूद थे।























