नयी दिल्ली। कोरोना काल में लोगों के लिए मसीहा बने अभिनेता सोनू सूद ने आयकर विभाग की पिछले सप्ताह हुयी छापेमारी के बाद आज अपनी चुप्पी तोड़ते हुये सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी बात रखी और कहा कि उनके फाउंडेशन का हर एक रुपया एक जिंदगी बचाने का इंतजार कर रहा है।
आयकर विभाग की कार्रवाई को लेकर सुर्खियों में आये अभिनेता ने ट्विटर पर जारी अपने बयान की शुरूआत इस शेर के माध्यम से की “सख्त राहों में भी आसान सफर लगता है, हर हिंदुस्तानी की दुआओं का असर लगता है”। विभाग ने सोनू पर 20 करोड़ रुपये से अधिक की कर चोरी का आरोप लगाते हुए उनसे जुड़े 28 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया और कई दस्तावेज़ जब्त किये। विभाग ने इसको लेकर एक बयान भी जारी किया था जिसके बाद अब अभिनेता ने अपना बयान जारी किया है।
अभिनेता ने अपने बयान में कहा “आपको हमेशा कहानी में अपना पक्ष सुनाने की ज़रूरत नहीं होती। समय बताएगा। मैंने पूरे दिल और ताक़त से ख़ुद को भारत के लोगों की सेवा में समर्पित कर दिया है। मेरे फाउंडेशन का हर एक रुपया एक ज़िंदगी बचाने और ज़रूरतमंदों तक पहुंचने का इंतज़ार कर रहा है। इसके अलावा, कई मौक़ों पर मैंने ब्रांडों को मेरी फीस किसी सामाजिक कार्य के लिए दान करने के लिए भी कहा है, जिससे हम आगे बढ़ते रहते हैं।”
सोनू सूद ने कहा कि पिछले चार दिनों से वह कुछ मेहमानों की खातीरदारी में लगे हुये थे इसलिए आम लोगों से संपर्क में नहीं रहे। उन्होंने कहा ” मैं पूरी विनम्रता के साथ फिर लौट आया हूं। जीवन भर आपकी सेवा में।”
अभिनेता ने हिंदी में लिखा ‘कर’ भला हो भला, अंत भले का भला। ख़ास बात यह है कि सोनू ने कर (टैक्स) को इनवर्टेड कॉमा में लिखा है और जय हिंद भी लिखा है।























