जालंधर में मुलाजिमों का सरकार से गुस्सा यात्रियों को पड़ा भारी, 2 घंटे के लिए बंद रहा बस स्टैंड; फ्लाईओवर पर भटकते रहे लोग

जालंधर (अश्विनी ठाकुर) राज्य सरकार के मुलाजिमों का सरकार पर गुस्सा शुक्रवार को बस यात्रियों पर निकला। पंजाब यूटी मुलाजिम एंड पेंशनर्स सांझा फ्रंट पंजाब के आह्वान पर ज्वाइंट एक्शन कमेटी की तरफ से सरकार के प्रति रोष जाहिर करने के लिए जालंधर के शहीद-ए-आजम भगत सिंह इंटरस्टेट बस टर्मिनल को दो घंटे के लिए बंद कर दिया गया।
इस दौरान ज्वाइंट एक्शन कमेटी सदस्य बस स्टैंड के एग्जिट गेट के समक्ष बैठ गए और बस स्टैंड से किसी भी बस को बाहर नहीं निकलने दिया। इस दौरान सरकारी एवं निजी ऑपरेटर की तरफ से भी अपनी बसों को बस स्टैंड से बाहर ले जाया गया। बस स्टैंड के आसपास के क्षेत्र में बसों की कतारें लग जाने से अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया और लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए बस ढूंढने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बस स्टैंड के समक्ष उतरने वाले फ्लाईओवर को भी यातायात के लिए बंद कर दिया गया, जिसके चलते कुछ यात्रियों को अपना सामान लेकर पैदल ही पुल के नीचे तक आना पड़ा। हालांकि कुछ बस ऑपरेटर्स की तरफ से अपनी बसों को बीएमसी चौक के नजदीक गढ़ा रोड से बस स्टैंड के नजदीक तक ले जाया गया, ताकि यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। बस स्टैंड बंद होने के चलते बसें बस स्टैंड के बाहर आसपास के क्षेत्र से ही संचालित होती रही।
ज्वाइंट एक्शन कमेटी अध्यक्ष सुखजीत सिंह, महासचिव तेजिंदर सिंह एवं तीरथ सिंह बासी ने कहा कि सरकार की तरफ से पे कमीशन, पुरानी पेंशन स्कीम एवं कच्चे मुलाजिमों को पक्का कराने के लिए पिछले 4 वर्ष से लगातार संघर्ष किया जा रहा है, लेकिन राज्य सरकार लगातार मुलाजिमों से भेदभाव करती आ रही है। हरिंदर सिंह चीमा एवं पेंशनर्स नेता प्यारा सिंह ने कहा कि पंजाब का समूचा मुलाजिम वर्ग सरकार के अड़ियल रवैया की वजह से संघर्ष की राह पर है। उन्होंने कहा कि पंजाब यूटी मुलाजिम एवं पेंशनर सांझा फ्रंट पंजाब की तरफ से घोषित की गई 2 दिन की हड़ताल में प्रत्येक वर्ग का मुलाजिम शामिल हुआ है। हरिंदर दोसांज ने कहा कि अगर सरकार ने अड़ियल रवैया न छोड़ा तो मुलाजिम संघर्ष को तेज करेंगे। इस मौके पर अवतार सिंह तारी, जगबीर सिंह, कुलविंदर जोशन, गुरजीतकौर, अमनदीप सिंह, दविंदर सिंह, कश्मीर चंद, वेद प्रकाश, संजीव जसल, कृपाल सिंह, सुभाष मट्टू, दिनेश कुमार, लखबीर सिंह, मनीष कुमार, मीनाक्षी, रजनी, राजीव कुंद्रा, मानव कुमार, अमनदीप सिंह, हरभजन सिंह, इंद्रजीत सिंह कोहली, चरणजीत सिंह, संजीव सिंह खालसा, पवन कुमार, गणेश भगत, पुष्पेंद्र सिंह, रविंद्र कुमार, बलमत सिंह, हरकमल सिंह, पवन कुमार, गुरप्रीत संधू, मनोहर लाल समेत भारी संख्या में मुलाजिम उपस्थित थे।






















