
चेन्नई में 22 साल बाद हारा भारत
नई दिल्ली 9 फरवरी (विश्ववार्ता). चेन्नई में खेले गए पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने भारतीय टीम को 227 रनों से हरा दिया. चेन्नई के चेपॉक मैदान पर टीम इंडिया को 22 सालों बाद हार मिली है. 420 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया चौथी पारी में सिर्फ 192 रनों पर सिमट गई.इससे पहले भारत ने दिन की शुरुआत एक विकेट पर 39 रन से की. सलामी बल्लेबाज गिल शुरुआत से ही अच्छी लय में दिखे. उन्होंने लीच की दिन की दूसरी ही गेंद पर चौका जड़ा लेकिन चेतेश्वर पुजारा (15) ने बायें हाथ के स्पिनर लीच की तेजी से स्पिन होती गेंद पर बल्ले का मुंह लेग साइड की ओर मोड़ दिया और गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर स्लिप में खड़े बेन स्टोक्स के सुरक्षित हाथों में चली गई. गिल ने आफ स्पिनर डॉम बेस को निशाना बनाया और उनके ओवरों में दो चौके और एक छक्का जड़ा. इस युवा प्रतिभावान बल्लेबाज ने लीच पर भी चौका और फिर एक रन के साथ 81 गेंद में अपने करियर का तीसरा अर्धशतक पूरा किया. जो रूट ने इसके बाद गेंद एंडरसन को थमाई जिन्होंने तेजी से अंदर आती दूसरी ही गेंद पर गिल को बोल्ड कर दिया. गिल ने 83 गेंद की अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का मारा.





















