
दिल्ली 11 दिसंबर (विश्ववार्ता) इंग्लैंड के खिलाफ दिन-रात्रि टेस्ट मैच की मेजबानी अहमदाबाद (गुजरात) का नवनिर्मित मोटेरा स्टेडियम 24 फरवरी से करेगा. यह चार मैचों की सीरीज का तीसरा टेस्ट होगा. इसके अलावा इंग्लैंड सीरीज का चौथा टेस्ट (4-8 मार्च) भी यहीं खेला जाएगा.
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने गुरुवार को बताया कि फरवरी-मार्च (2021) में इंग्लैंड के भारतीय दौरे के लिए रोटेशन नीति के तहत टेस्ट सीरीज के दो अन्य मैचों की मेजबानी चेन्नई (5 फरवरी से पहला टेस्ट, दूसरा टेस्ट 13 फरवरी से) को सौपी गई है. तीन मैचों की वनडे सीरीज पुणे (23 से 28 मार्च) में खेली जाएगी.
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने गुरुवार को गुजरात क्रिकेट संघ के इंडोर अकादमी के उद्घाटन के दौरान मोटेरा को दिन-रात्रि टेस्ट की मेजबानी की घोषणा की. पिछले साल ईडन गार्डंस में बांग्लादेश के खिलाफ दिन-रात्रि टेस्ट के बाद गुलाबी गेंद से भारतीय सरजमीं पर यह दूसरा मुकाबला होगा





















