किसान जत्थेबंदियों में दरार डालना चाहते हैं अमित शाह-भगवंत मान
किसान जत्थेबंदियों में एकता होने के कारण सरकार की हर संभव साजिशें हुई नाकाम

चंडीगढ़, 9 दिसंबर 2020 (विश्व वार्ता)-आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के अध्यक्ष व सांसद भगवंत मान ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार किसानों के आंदोलन को बिना किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले ही खत्म करवाने के लिए किसानों में दरार डालने की कोशिशें कर रही है, परंतु किसान यूनियनों में एकता होने के कारण मोदी सरकार की घटिया हरकतें नाकाम हो रही हैं।
पार्टी के हैडक्वाटर से जारी बयान में भगवंत मान ने कहा कि मंगलवार की शाम केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा बुलाई गई किसान यूनियनों की बैठक में 40 में से सिर्फ 13 किसान जत्थेबंदियों को बैठक में बुलाया गया। उन्होंने कहा कि यहां तक कि पंजाब की किसान जत्थेबंदी बीकेयू (एकता उगराहा) को मीटिंग में नहीं बुलाया गया।
मान ने कहा कि जिन किसान जत्थेबंदियों को मीटिंग में बुलाया गया था, उन जत्थेबंदियों के किसान नेताओं को भी अलग-अलग जगह पर भेजा गया। इसके बाद मीटिंग के कई स्थान बदले गए। मान ने कहा कि किसान जत्थेबंदियों के नेताओं को यह भी पता नहीं था कि उनको किस जगह पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ मीटिंग के लिए लेकर जाया जा रहा है।
मान ने कहा कि इससे साफ होता है कि अमित शाह और केंद्र सरकार किसान जत्थेबंदियों की एकता को तोडऩे के लिए ऐसी साजिशें कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार किसान जत्थेबंदियों में आपसी दरार व मतभेद पैदा कर किसान आंदोलन को कमजोर करना चाहती है। उन्होंने कहा कि किसान जत्थेबंदियों के सभी नेतागण बहुत ही समझदार हैं वह सरकार की घटिया हरकतों से अवगत हैं और सरकार की हर साजिश को नाकाम कर रहे हैं।
मान ने कहा कि केंद्र सरकार किसान आंदोलन को लेकर अभी भी भ्रम में है। सरकार को यह पता होना चाहिए कि पंजाब के किसानों की ओर से शुरू किया गया आंदोलन अब देश व्यापक हो चुका है। उन्होंने कहा कि जब जब केंद्र सरकार ने इस आंदोलन को तोडऩे की कोशिश की तो किसान आंदोलन ओर मजबूत हो कर उभरा है। मान ने कहा कि अमित शाह और केंद्र सरकार अपनी, घटिया हरकतों से बाज आए और किसानों की मांगों को तुरंत स्वीकार करें।




















