
कैनबरा 4 दिसंबर (गुरपुनीत सिद्धू) टीम इंडिया ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज जीत के साथ किया है. विराट ब्रिगेड ने कैनबरा के मनुका ओवल मैदान पर खेले गए पहले टी-20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को 11 रनों से शिकस्त दे दी. वनडे सीरीज 1-2 से गंवाने के बाद भारत ने टी-20 सीरीज की बेहतरीन शुरुआत की है और 1-0 से बढ़त बनाई है. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवा कर 161 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 162 रनों का टारगेट दिया. जवाब में ऑस्ट्रेलिया 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 150 रन ही बना पाई. भारत के लिए टी. नटराजन और युजवेंद्र चहल ने 3-3 विकेट झटके. दीपक चाहर ने 1 विकेट लिया.






















