चंडीगढ़, 23 अक्तूबर (विश्ववार्ता): विजयदशमी के त्यौहार के अवसर पर हरियाणा विधान सभा सचिवालय कोविड-19 के खिलाफ जारी लड़ाई को और तेज करेगा। इस दिन विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता सचिवालय के सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को कोरोना संक्रमण रोकने के लिए सावधानी बरतने का संकल्प करवाएंगे। इसके लिए सभी कर्मचारियों को विधान सभा सचिव की ओर से बाकायदा आदेश जारी किए गए हैं।
इस दौरान सभी कर्मचारी कोविड-19 के बारे में सतर्क रहने और अपने आसपास के लोगों को इस बारे में जागरूक करने का संकल्प करेंगे। वे विधान सभा अध्यक्ष को घातक विषाणु के प्रसार को रोकने संबंधी सभी सावधानी बरतने का वचन देंगे। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्रालय, प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी हिदायतों का अक्षरश: पालन करेंगे। इसके लिए वे दूसरों को भी प्रोत्साहित करने की प्रतिज्ञा करेंगे। इसके साथ ही मास्क और फेस कवर की बात दोहराई जाएगी और दो गज की दूरी बनाए रखने की शपथ होगी। हाथों को नियमित रूप से साफ रखने और साबुन से धोने की बात भी शपथ में शामिल रहेगी।