पूरी तरह से किसान हित में कृषि क्षेत्र में सुधार के तीनों कानून: धनखड़
कहा, मंडियों में फसल खरीद की मौजूदा व्यवस्था बनी रहेगी।
चंडीगढ़, 3 अक्तूबर।भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार के
लिए किसानों के हित सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में सुधार
के लिए लाए गए तीनों कानून पूरी तरह से किसानों के लिए लाभकारी है। वे
शनिवार को जिला भाजपा कार्यालय में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे
थे। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल व हिसार जिलाध्यक्ष
कैप्टन भूपेंद्र सिंह भी मौजूद थे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने भरोसा दिलाया
कि मंडियों की व्यवस्था पहले ही की तरह बनी रहेगी और किसानों की फसलें
न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जाएंगी। कुल मिलाकर मंडियों में किसानों
की फसलों की खरीद की जो व्यवस्था वर्तमान में है, वह इसी प्रकार से बनी
रहेगी। उन्होंने कहा कि 82 हजार किसान विभिन्न किसान संगठन समूह से
जुड़े हुए हैं। इसके अतिरिक्त 25 हजार प्रगतिशील किसान ऐसे हैं, जिन्हें
इन कानूनों का भरपूर लाभ होगा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस
पार्टी अपनी सरकार के समय इन कानूनों के पक्ष में थी, लेकिन अब
मौका-परस्ती की राजनीति कर झूठ बोलने और अफवाहें फैलाने का काम कर रही
हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपनी सरकार के रहते जिस स्वामीनाथन
आयोग का गठन किया था, उसकी सिफारिशों को रद्दी की टोकरी में डाल दिया।
कांग्रेस सरकार ने तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व
में भी एक कमेटी गठित की थी, जिसकी सिफारिश भी स्वामीनाथन आयोग की
सिफारिशों के तले ही दबी रही। इसके विपरीत भाजपा ने अपनी सरकार बनने के
बाद स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को चरणबद्ध ढंग से लागू किया। कांग्रेस
सरकार के समय किसानों को ढाई-ढाई रुपए के चेक मुआवजे के तौर पर दिए जाते
थे। भाजपा की सरकार आने के बाद किसानों को उनकी खराब फसलों के लिए 12
हजार रुपए प्रति एकड़ तक का मुआवजा दिया गया। फसल बीमा योजना जैसी
ऐतिहासिक योजना को लागू किया गया, जिसके तहत किसानों को 26 सौ करोड रुपए
की क्लेम राशि दी गई है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री
किसान सम्मान निधि योजना के तहत आज 14 लाख किसानों के खातों में 6 हजार
रुपये प्रतिवर्ष आते हैं। कई किसानों ने कृषि क्षेत्र में सुधार के तीनों
कानूनों के समर्थन में उन्हें चिट्ठी भेजी है। इन चिट्ठियों को दिखाते
हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि ऐसी चिट्ठियों से प्रेरणा पाकर भाजपा
कार्यकर्ता, कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियों के झूठ का पर्दाफाश
करेंगें और 14 लाख किसानों से सम्पर्क साधकर कृषि क्षेत्र में सुधार के
कानूनों के समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम धन्यवाद पत्र
लिखें जाएंगे। पत्रकार वार्ता में पूछे गए एक सवाल के जवाब में भाजपा
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि बरोदा का उपचुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ा
जाएगा। उपचुनाव की तैयारियों को लेकर 10 अक्टूबर को चुनाव समिति की बैठक
बुलाई गई है। उन्होंने कहा कि बरोदा की जनता उपचुनाव में भाजपा के
उम्मीदवार को जिताएगी और सबका साथ-सबका विकास के लक्ष्य के साथ कार्य
करने वाली सरकार में अपनी हिस्सेदारी करेगी।