चंडीगढ मे आज सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर का चुनाव
आप-कांग्रेस गठबंधन के गुरप्रीत सिंह गाबी का मुकाबला कुलजीत सिंह संधू से
रिटर्निंग आफिसर नियुक्त, चुनाव में होगी वीडियोग्राफी, मोबाइल वर्जित
चंडीगढ़, 4 मार्च (विश्ववार्ता) आज चंडीगढ नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर कुलदीप कुमार की अध्यक्षता में सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव होगें। चंडीगढ़ में सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर को लेकर आज सुबह 10.00 बजे नगर निगम कार्यालय में चुनाव होगा। यह चुनाव इसलिए महत्वपूर्ण है कि इसके रिटर्निंग ऑफिसर कुलदीप कुमार हैं। मेयर चुनाव के लिए लगाई गई शर्तों को आज लागू रखा जाएगा।
हाईकोर्ट ने 27 फरवरी को जारी आदेश में कहा था कि मेयर यह सुनिश्चित करेंगे कि चार मार्च को दोनों पदों के लिए चुनाव को संपन्न करवाया जाए। चुनाव के दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई जाए और कोई भी पार्षद अपने किसी समर्थक या सुरक्षा के साथ वोटिंग के लिए नहीं पहुंचेगा। सभी पार्षदों की सुरक्षा चंडीगढ़ पुलिस सुनिश्चित करेगी और यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि परिसर के आस-पास किसी प्रकार की कोई गड़बड़ न हो। सदन के अंदर किसी भी पार्षद या सांसद को मोबाइल फोन लेकर जाने की इजाजत नहीं होगी। उन्हें अपना मोबाइल सदन के बाहर जमा करवाना होगा।
सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए आप-कांग्रेस गठबंधन के गुरप्रीत सिंह गाबी का मुकाबला भाजपा ने वार्ड नंबर 14 से पार्षद कुलजीत सिंह संधू से होगा , जबकि डिप्टी मेयर के पद पर गठबंधन की निर्मला देवी का मुकाबला भाजपा के पार्षद राजेंद्र शर्मा से होगा। इस चुनाव में भाजपा के पास बहुमत है। आम आदमी पार्टी के तीन पार्षदों के भाजपा में जाने की वजह से सांसद किरण खेर को मिलाकर भाजपा के पास 18 वोट है। पिछली बार अकाली दल के पार्षद हरदीप सिंह ने भी भाजपा को ही वोट दिया था। अगर वह फिर भाजपा को वोट देते हैं तो पार्टी के पास कुल 19 वोट हो जाएंगे। उधर, आम आदमी पार्टी के 10 और कांग्रेस के सात पार्षदों को मिलकर गठबंधन के पास सिर्फ 17 वोट है। वहीं, जानकारी के अनुसार भाजपा को क्रॉस वोटिंग का डर सता रहा है। भाजपा के सभी पार्षद पंचकूला में ठहरे हुए हैं। जबकि सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई से एक दिन पहले आम आदमी पार्टी से भाजपा में शामिल होने वाले वाले पार्षद गुरचरणजीत काला, नेहा मुसावात और पूनम को भाजपा अपने सीनियर नेताओं की निगरानी में रखा हुआ है।
इससे पहले मंगलवार को चुनाव के लिए भाजपा के सभी पार्षद निगम में तय समय पर पहुंच गए थे लेकिन आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का कोई भी पार्षद नहीं पहुंचा। आप के जिन तीन पार्षदों ने भाजपा ज्वाइन की थी, वह भी नहीं पहुंचे। मेयर कुलदीप कुमार भी सदन में नहीं आए। ढाई घंटे इंतजार के बाद भाजपा के सभी पार्षद नगर निगम से बाहर निकल गए और निगम दफ्तर के बाहर नारेबाजी शुरू कर दी। इस मामले में प्रशासन नया चुनाव कार्यक्रम लेकर दोपहर दो बजे पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट में पेश हुआ। डीसी ने कहा कि वे चार मार्च को चुनाव करवा सकते हैं। मेयर ने भी अंडरटेकिंग दी है कि वे बुधवार को अपना पदभार संभाल लेंगे।