सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली कल
दिल्ली पुलिस ने रैली को लेकर क्या रखी शर्त
महारैली से होगा लोकसभा चुनाव का शंखनाद
चंडीगढ़, 30 मार्च (विश्ववार्ता) दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ विपक्ष एकजुट होता नजर आ रहा है। सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर विपक्ष के कई नेताओं ने केंद्र सरकार पर हमला बोला था। वहीं, अब इस मामले में 31 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी नेताओं का जमावड़ा लगने जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने इस रैली को लेकर एक NOC भी जारी की है। जिसके अनुसार इस रैली में 20 हजार लोगों को जुटाने की ही अनुमति है। बता दें कि रामलीला मैदान में होने जा रही ये रैली 31 मार्च की सुबह 9.30 पर शुरू होगी और दोपहर दो बजे तक चलेगी। इस रैली के लिए आप युद्ध स्तर पर काम कर रहा है। पार्टी के नेता घर- घर जाकर दिल्ली के लोगों को इस रैली में आने के लिए कह रहे हैं।
रैली में शामिल हो सकते हैं ये नेता
31 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने जा रही रैली में INDIA गठबंधन के कई दिग्गज नेता शामिल होने वाले हैं। सूत्रों के अनुसार इस रैली में उद्धव ठाकरे, शरद पवार, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, चंपई सोरेन, भगवंत मान, डेरेक ओब्रॉय, डीएमके, फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती, सीता राम येचुरी, डी राजा, दीपांकर और जी देवराजन रैली में शामिल होंगे। इस रैली के लिए एक नारा भी रखा गया है। जो ‘तानाशाही हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि गठबंधन फासीवादी ताकतों से अपने लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा जिस तरह से विपक्ष की आवाज को अलग-अलग तरीकों से दबाने की कोशिश कर रही है, इसके खिलाफ हम एकजुट हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि महारैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सीपीपी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत तमाम वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। निरंकुश शासन की अब अंतिम उलटी गिनती शुरू हो गई है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविन्दर सिंह लवली ने कहा कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव प्रचार का शंखनाद रामलीला मैदान की महारैली में 31 मार्च को करेगी। इस दौरान कांग्रेस अपनी पांच न्याय हिस्सेदारी न्याय, युवा न्याय, नारी न्याय, श्रमिक न्याय, किसान न्याय से संबंधित 25 न्याय की मांगो को प्रमुखता से उठाएगी। लवली ने पार्टी नेताओं के साथ शुक्रवार को रामलीला मैदान में महारैली की तैयारी का जायजा लिया।
लवली ने कहा कि 31 मार्च को रामलीला मैदान की लोकतंत्र बचाओ देश बचाओ रैली इंडिया गठबंधन की एकता देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में विशेष उदाहरण ऐतिहासिक होगा। पूरा रामलीला मैदान कांग्रेसमय प्रतीत होगा। लवली ने कहा कि महारैली में कांग्रेस किसानों, श्रमिकों को न्याय व समाज के प्रत्येक वर्ग की हिस्सेदारी की सुनिश्चित करने के लिए भी आवाज उठाएगी। किसानों को एमएसपी के सही दाम, कर्ज माफी, बीमा भुगतान, सही आयात निर्यात नीति और खेती को जीएसटी से मुक्ति दिलाने के लिए प्रखर रुप से आवाज उठाई जाएगी।