शिरोमणि अकाली दल और अकाली दल संयुक्त का आज विलय होने की संभावना
चंडीगढ़, 5 मार्च (विश्ववार्ता) शिरोमणि अकाली दल और शिरोमणि अकाली दल संयुक्त एक बार फिर से एक हो सकते हैं। सूत्रों की मानें तो भावी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और अकाली दल संयुक्त के परमिंद्र ढींडसा के बीच गत कई दिनों से गुप्त बैठकें चल रही थी।
बताया जा रहा है कि दोपहर साढ़े तीन बजे सुखदेव सिंह ढींडसा के चंडीगढ़ स्थित निवास में यह विलय होगा। बता दें कि अकाली दल संयुक्त पंजाब में भाजपा की साझीदार है। संयुक्त अकाली दल के वरिष्ठ नेता व पूर्व वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींढसा ने कहा कि वर्करों की भावनाओं तथा पंथ व पंजाब के हितों के लिए दोनों दल एक साथ आ रहे हैं। ढींडसा ने कहा कि पंजाब के वर्तमान हालात नाजुक दौर से गुजर रहे हैं। हर वर्ग सडक़ पर आंदोलन करने को विवश है।
बतां दे कि 2019 के लोकसभा चुनाव में हार के बाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींडसा के नेतृत्व में अकाली नेताओं ने शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) का गठन किया था। इससे पहले, जब वह पार्टी में थे, ढींडसा ने अन्य नेताओं के साथ, 2017 के विधानसभा चुनाव में हार के लिए सुखबीर बादल के इस्तीफे की मांग की थी। लेकिन सुखबीर बादल ने मना कर दिया था। तब पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने ढींडसा को मनाने का प्रयास किया था लेकिन ढींडसा नहीं माने।