भारत और इंग्लैंड के बीच अंतिम टेस्ट के दूसरे दिन का आज होगा खेल
पहला दिन रहा भारतीयों के नाम
यशस्वी जायसवाल ने बनाया नया रिकॉर्ड, सचिन तेंदुलकर को छोड़ा इस मामले में पीछे
चंडीगढ़, 8 मार्च (विश्ववार्ता) भारत और इंग्लैंड के बीच अंतिम टेस्ट के दूसरे दिन का आज खेल खेला जायेगा। पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने अपनी पहली पारी में एक विकेट गंवाकर 135 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 218 रन बनाए थे। इस हिसाब से भारत अभी भी इंग्लैंड से 83 रन पीछे है। कप्तान रोहित शर्मा 52 रन और शुभमन गिल 26 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच 31 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारतीय टीम को एकमात्र झटका यशस्वी जायसवाल के रूप में लगा। वह 58 गेंद में 57 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें शोएब बशीर ने विकेटकीपर बेन फोक्स के हाथों स्टंप कराया। यशस्वी के टेस्ट करियर का चौथा अर्धशतक रहा। वहीं, रोहित के टेस्ट करियर का 18वां अर्धशतक रहा।
यशस्वी जायसवाल की जबरदस्त फॉर्म जारी है। उन्होंने विरोधी टीम के खिलाफ आखिरी टेस्ट मैच के पहले दिन कई रिकॉर्ड बनाए। उन्होंने एक टीम के खिलाफ सर्वाधिक छक्के लगाकर क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है। नौ पारियों में मुंबई के इस खिलाड़ी ने 26 छक्के लगाए।इससे पहले यह रिकॉर्ड मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के नाम था जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 74 पारियों में 25 छक्के लगाए। तीसरे नंबर पर रोहित शर्मा हैं जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 20 पारियों में 22 छक्के जड़े
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड टीम की शुरुआत अच्छी रही थी। बेन डकेट और जैक क्राउली ने पहले विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को कुलदीप ने तोड़ा। उन्होंने डकेट को शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। डकेट 27 रन बना सके। इसके बाद क्राउली ने टेस्ट करियर का 14वां और भारत के खिलाफ पांचवां अर्धशतक पूरा किया।
लंच से ठीक पहले कुलदीप ने ओली पोप को विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों स्टंप कराया और इंग्लिश टीम को दूसरा झटका दिया। पोप 11 रन बना सके।
पहले सत्र में 25.3 ओवर गेंदबाजी हुई और इंग्लैंड ने 100 रन बनाकर दो विकेट गंवाए। इसके बाद दूसरे सत्र में इंग्लैंड ने 29.3 ओवर बल्लेबाजी की और 94 रन बनाने में छह विकेट गंवा दिए। एक वक्त इंग्लैंड का स्कोर 38वें ओवर में 137 रन पर दो विकेट था। इसके बाद क्राउली का विकेट गिरा और यहीं से इंग्लैंड की पूरी पारी ढह गई। 137 पर दो विकेट से इंग्लैंड की टीम 58वें ओवर में 218 रन पर सिमट गई। 20 ओवर के अंदर और 81 रन बनाने में भारत ने इंग्लैंड के आठ विकेट गिरा दिए।