भारत और इंग्लैंड के बीच अंतिम टेस्ट मे रोहित और शुभमन के शानदार शतको से भारत मजबूत स्थिति मे
इंग्लैंड पर बनाई इतने रनों की बडी बढत
चंडीगढ़, 8 मार्च (विश्ववार्ता) भारत और इंग्लैंड के बीच अंतिम टेस्ट के दूसरे दिन का आज खेल जारी है। रोहित शर्मा ने टेस्ट करियर का 12वां शतक जड़ दिया है। उनके शतक के एक गेंद बाद शुभमन गिल ने भी शतक पूरा किया। उन्होंने टेस्ट करियर का चौथा शतक लगाया। उनके शतक के वक्त पिता भी मौजूद रहे और उन्होंने खड़े होकर खुशी से ताली बजाई। इस सीरीज में शुभमन तीन मौके पर शतक से चूक गए थे। हालांकि, आज उन्होंने शतक पूरा किया। वहीं, रोहित इस सीरीज में एक और शतक लगा चुके हैं। उन्होंने राजकोट टेस्ट की पहली पारी में 131 रन बनाए थे। भारत ने एक विकेट पर 262 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन 100 रन और रोहित 101 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 158 रन की साझेदारी हो चुकी है।
इससे पहले कल इंग्लैंड के सभी 10 विकेट भारतीय स्पिनर्स ने लिए। इंग्लैंड की पहली पारी 218 रन पर सिमट गई थी। कुलदीप यादव ने पांच विकेट झटके। वहीं, 100वां टेस्ट खेल रहे रविचंद्रन अश्विन ने चार विकेट लिए। इंग्लैंड की ओर से जैक क्राउली ने सबसे ज्यादा 79 रन बनाए। इसके अलावा रवींद्र जडेजा को एक विकेट मिला। यानी इंग्लैंड के सभी 10 विकेट भारतीय स्पिनर्स ने लिए। पहले दिन दोनों पारियों को मिलाकर 353 रन बने और कुल 11 विकेट गिरे। सभी विकेट स्पिनर्स ने लिए। 10 विकेट भारतीय स्पिनर्स ने और एक विकेट बशीर ने लिया।