पंजाब से दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक समूचा पूर्वोत्तर भीषण शीत लहर की चपेट मे
हिमाचल में बारिश न होने से गर्मियों में बिजली, पानी और कृषि के लिए चिंताजनक
चंडीगढ, 20 जनवरी (विश्ववार्ता) पंजाब से दिल्ली-एनसीआर और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक समूचा पूर्वोत्तर भारत भीषण शीत और घने कोहरे की चपेट में है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी के लिए 23 जनवरी तक ठंड व कोहरे को लेकर रेड व ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान 2-10 डिग्री के बीच सिमटा रहेगा। पहाड़ी और मैदानी इलाकों में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। घने कोहरे से सडक़, रेल और हवाई सेवाएं बाधित हुई हैं। अचानक से मौसम खराब होने के कारण दिन के तापमान में एकदम से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ गई है। अगले दो दिन ठंड का नया स्पेल आने वाला है। जिसमें कोहरा भी रहेगा और तापमान में भी गिरावट देखी जाएगी। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है।
शुक्रवार को मैदानी क्षेत्रों में 2.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ कानपुर और बीकानेर सबसे सर्द रहे। मौसम विभाग के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के अभाव, अल-नीनो के चलते ठंड व घने कोहरे की स्थिति पांच दिन तक रह सकती है। पंजाब, हरियाणा में भी न्यूनतम तापमान 2-5 डिग्री के बीच रहा।
हिमाचल प्रदेश में इस बार बर्फबारी न होने से पंजाब और हरियाणा में ज्यादा ठंड देखने को मिल रही है। हिमाचल में बारिश न होने से गर्मियों में बिजली, पानी और कृषि के लिए ये चिंताजनक हो सकता है। यहां इस साल 122 साल का रिकॉर्ड टूट गया है और सूखे के हालात पैदा हो गए हैं। हरियाणा और पंजाब में बीते कल के मुकाबले आज धुंध काफी कम है।